मातृत्व का हर स्टेज एक चैलेंज होता है..!
https://www.zeromilepress.com/2026/05/blog-post_10.html
मातृ दिवस पर विशेष
प्रत्येक महिला में मातृत्व की भावना शक्तिशाली रूप में विद्यमान होती है, जो उसे माँ के रूप में परिभाषित करती है, चाहे वह जैविक रूप से माँ बने या नहीं, माँ की जिम्मेदारियों को पूरा करना और अपने बच्चों को सशक्त बनाना एक ऐसा सफर है जिसमें चुनौतियाँ हर मोड़ पर होती हैं।
मातृत्व की यात्रा में एक महिला का जीवन पूरी तरह से समर्पित होता है, और वह इस समर्पण में अपनी सबसे बड़ी खुशी पाती है। यह वास्तविकता है, क्योंकि इसके बिना एक महिला अपने जीवन में अधूरी महसूस कर सकती है। जब बच्चे बड़े होकर माँ के साथ मित्रवत संबंध बनाते हैं, तो माँ का जीवन सार्थक हो जाता है। माँ के लिए गर्व का क्षण वह होता है जब उसके बच्चे उसे अच्छे से समझने लगते हैं और उसके अनुभवों का सम्मान करते हैं। मैं अपने जीवन को सौभाग्यशाली मानती हूँ कि मुझे मातृत्व के इस अनुपम अनुभव को जीने का अवसर मिला। मेरे जुड़वा पुत्र और पुत्री मेरे जीवन को सार्थक बनाते हैं।
बच्चों की परवरिश के हर चरण में ऐसा महसूस होता है कि बस अब फ्री हो जाएंगे लेकिन तुरंत फिर नयी चुनौती सामने आ जाती है। इसलिए यह बिल्कुल सच है कि बच्चों की परवरिश एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जहाँ एक पड़ाव खत्म होते ही नया (और अक्सर अधिक जटिल) चरण शुरू हो जाता है। यह "फ्री" होने का एहसास केवल एक भ्रम है क्योंकि बच्चे बड़े होते हैं और उनकी ज़रूरतें और चुनौतियाँ बदलती रहती हैं, न कि खत्म होती हैं। मातृत्व के शुरुआती दौर में बच्चों की देखभाल के वास्ते नींद की कमी, स्वास्थ्य चिंताएं, और बच्चे की जरूरतों को समझना। समय नियमन करना। फिर बचपन से उन्हें आज़ादी भी देना और अनुशासन भी सिखाना, उनकी जिद भी पूरी करना और अति होने पर अंकुश लगाना।
अच्छे संस्कार की आदतें डालना। किशोरावस्था आते ही उनके भावनात्मक बदलाव, जिद्दीपन, स्वतंत्रता की चाह को समझना। उनके साथ बिल्कुल दोस्त बनकर उनके अंदर की बातों को टटोलना, उनकी प्रतिभाओं को सराहना, उनकी ख्वाहिशों को पूरा करना उन्हें जीवन उद्देश्य समझने में मदद करना और सही मार्गदर्शन देना बहुत बड़ी चुनौती होती है। फिर युवावस्था में आत्मनिर्भरता की ओर कदम, करियर की चिंता, और उनसे अलग रहने की चुनौती। यह चरण उन्हें दुनिया के लिए तैयार करने का वक़्त होता है, अपने पल्लू से ज्यादा बांधने से बच्चा दुनिया को फेस करने के काबिल नहीं बन पाएगा। फिर उन्हें सेटल करना। उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें सांसारिक जीवन में स्थापित कर उनके लिए मजबूत सपोर्ट सिस्टम बने रहना।
मातृत्व के सफ़र को आसान बनाने के लिए औरों के अनुभवों को सुनें पर यह स्वीकारें कि हर बच्चा अलग है और कोई भी तरीका हमेशा कारगर नहीं होता। ऐसे में अपना अनुभव ही काम आता है। अपने बच्चे को इतना पैंपर न करें कि वह हमेशा हर बात पर एक्सक्यूस ढूंढे या दूसरे पर इल्ज़ाम थोपे। उन्हें खुद से गलतियां करने और उनसे सीखने दें ताकि वे भविष्य के लिए मजबूत बन सकें। बच्चों को समझाएं कि प्यार और जिद में क्या फर्क होता है। बच्चों की तुलना न करें और न ही उन पर अत्यधिक नियंत्रण रखें। यह सफर थका देने वाला हो सकता है, लेकिन यह विकास का एक रोमांचक हिस्सा भी है। जुड़वा बच्चे (पुत्र-पुत्री) की माँ होने के नाते यह सब मेरे अनुभव से निकली बातें हैं। मेरे बच्चे अब युवावस्था में हैं और अब मैं उनकी माँ भी हूँ और सच्चे मित्रवत कभी-कभी वे मेरे लिए माता-पिता जैसे केयरिंग हो जाते हैं मुझे किताब की तरह पढ़ लेते हैं। मैं तैयार हूं अब आगे की चुनौतियों के लिए। ईश्वर हर स्त्री को एक सफल मातृत्व के अनुभव से नवाजे। समस्त मातृ शक्तियों को मातृ दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
- शशि दीप
विचारक/ द्विभाषी लेखिका
मुंबई
shashidip2001@gmail.com
