Loading...

निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर को मिला उत्साहपूर्ण प्रतिसाद


नागपुर। पशुसंवर्धन दिवस के अवसर पर जिला पशुवैद्यकीय सर्वचिकित्सालय, महाराज बाग, नागपुर में आयोजित विशेष निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर को छोटे-बड़े पशुपालकों तथा पेट पेरेंट्स का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। पशुधन के स्वास्थ्य, संरक्षण तथा पशुपालकों की आर्थिक उन्नति के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया था। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुधन का महत्वपूर्ण योगदान है। दुग्ध उत्पादन, कृषि पूरक व्यवसाय तथा रोजगार निर्माण में पशुसंवर्धन क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। वहीं बदलती शहरी जीवनशैली में पालतू प्राणियों का महत्व भी तेजी से बढ़ रहा है। इस दौरान पालतू प्राणियों के स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार और उचित देखभाल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस विशेष शिविर में लगभग 110 छोटे-बड़े पशुओं तथा पालतू श्वानों का निःशुल्क उपचार किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों की जांच, दवाइयां, डीवॉर्मिंग, स्वास्थ्य मार्गदर्शन तथा प्रतिबंधात्मक उपायों की जानकारी दी गई। श्वानों के लिए निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण एवं अन्य आवश्यक पशुवैद्यकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बढ़ती गर्मी के कारण पशुओं में होने वाले त्वचा रोग, पाचन संबंधी विकार तथा संक्रामक बीमारियों के बारे में भी पशुपालकों को मार्गदर्शन दिया गया। पशुओं का समय पर टीकाकरण, नियमित डीवॉर्मिंग और संतुलित आहार कई गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होता है, ऐसा संदेश पशुसंवर्धन विभाग द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पशुसंवर्धन उपायुक्त डॉ. नितीन फुके मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पशुपालकों एवं पेट पेरेंट्स से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। वहीं सहायक आयुक्त पशुसंवर्धन डॉ. सुबोध नंदागवळी ने शिविर के सफल आयोजन हेतु विशेष पहल करते हुए प्रभावी नियोजन किया। इस अवसर पर पशुधन विकास अधिकारी डॉ. प्रीती शिरसाट, डॉ. जामकर, पशुधन पर्यवेक्षक राहुल चोपकर तथा सहायक पशुधन विकास अधिकारी प्रवीण कुंभारे ने सक्रिय सहभाग लेकर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पशुसंवर्धन विभाग के इस सामाजिक उपक्रम का नागरिकों द्वारा विशेष स्वागत किया गया।
समाचार 1280054162920417369
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list