ओटीपी और पासवर्ड पर बहुत ही ध्यानपूर्वक व्यवहार करना जरूरी है : वैशाली मदारे
https://www.zeromilepress.com/2026/05/blog-post_590.html
उभरते सितारे मे 'जागरूकता'
नागपुर। जीवन में हर पल सचेत और जागरूक रहना बहुत जरूरी है। अन्यथा कठिनाइयां से सामना करना पड़ सकता है। छोटी-छोटी बातों से सीखे तो, पानी की बचत, पेड़ पौधों का संरक्षण, पशु पक्षीयों के लिए दाने रखना जरूरी है। क्योंकि, हमारी पृथ्वी के जीवन चक्र में यह सभी लोग एक दूसरे के पूरक और सहायक है। वर्तमान परिस्थितियों में बड़ों और बच्चों को भी समसामयिक विषयों के साथ- साथ मोबाइल पर आर्थिक व्यवहार, ओटीपी शेयर नहीं करना और पासवर्ड जैसी बातों पर बहुत ही ध्यानपूर्वक व्यवहार करना जरूरी है। लोगों के साथ, उनका आदर और अच्छा व्यवहार करना जरूरी है। यह बातें, सहसंयोजिका वैशाली मदारे ने बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच रखा। इस अवसर पर विनोद बाराहाते ने ग्रामीण स्वच्छता और वृक्षारोपण की बात कही।
विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन का नवोदित प्रतिभाओं को समर्पित उपक्रम 'उभरते सितारे' का आयोजन हिंदी मोर भवन के उत्कर्ष हॉल में किया गया। कार्यक्रम का विषय 'जागरूकता' पर आधारित शिक्षाप्रद, ज्ञानवर्धक और संगीतमय प्रस्तुतियों से भरा रहा। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में स्वास्थ्य विभाग, जिल्हा परिषद, नागपुर के विनोद डोमाजी बाराहाते उपस्थित थे। इनका सम्मान संयोजक युवराज चौधरी और सह संयोजिका वैशाली मदारे ने स्वागत वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर किया।
तत्पश्चात, सभी बच्चों ने भी 'जागरूकता' विषय पर सुंदर विचार रखते हुए शानदार नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। जिसमें, सम्पूर्णा रेमंडल, मनश्री कुर्वे, पहल बनसोड, आराध्या मोहतुरे ने अपने नृत्य से सबका मन मोह लिया। विधी कृपलानी, प्रियांशी फुलझेले, त्रिशिका वाघमारे, आदित मिंज, सुतिक्ष रामटेके, ने शानदार गीतों की प्रस्तुति दी। शाश्वत गजभिए ने कीबोर्ड वादन किया। नक्श रिझवानी ने लघु कहानी सुनाई।
बच्चों की प्रस्तुतियों को उनके अभिभावकों के साथ-साथ मोनिका रेमंडल, संध्या सेठी, निलिमा बाराहाते, गीता सुरेश मिंज, जवाहर तरार, सीमा लूहा, शिवानी लूहा, स्नेहा रामटेके, पालिका बागडे, शशीकांत फुलझेले, कशिश रिजवानी, आशा विजय भगत, दीपक कृपलानी और स्पंदन रेमंडल आदि ने बहुत सराहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन सहसंयोजिका वैशाली मदारे ने किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रशांत शंभरकर ने सहयोग किया। तथा, उपस्थित सभी दर्शकों, कलाकारों और बच्चों का आभार संयोजक युवराज चौधरी ने व्यक्त किया।


