डॉ अंकिता बालपांडे के शोध को पेटेंट प्राप्त
https://www.zeromilepress.com/2026/05/blog-post_971.html
नागपुर। युवा शोधकर्ता एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग क्षेत्र की शोधविद् डॉ. अंकिता बालपांडे को उनके अभिनव शोध Hybrid Solar Dryer के लिए डिज़ाइन पेटेंट प्राप्त हुआ है। विशेष बात यह है कि यही विषय उनके मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएच.डी. शोध का विषय भी था, जिसके लिए उन्हें पिछले वर्ष डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई थी।
Hybrid Solar Dryer तकनीक कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी मानी जा रही है। यह पारंपरिक सुखाने की पद्धतियों का आधुनिक, किफायती एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प प्रदान करती है। इस सोलर ड्रायर की सहायता से फल, सब्जियां, मसाले, अनाज एवं अन्य कृषि उत्पादों को नियंत्रित तापमान में स्वच्छ तरीके से सुखाया जा सकता है।
यह तकनीक विशेष रूप से किसानों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। बारिश एवं प्रतिकूल मौसम के कारण फसलों को होने वाले नुकसान को कम करने में यह सहायक होगी। खुले वातावरण में फसल सुखाने से धूल, कीट, नमी एवं अन्य दूषित तत्वों के कारण गुणवत्ता प्रभावित होती है, जबकि Hybrid Solar Dryer के माध्यम से कृषि उत्पादों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनी रहती है। इससे उत्पादों की शेल्फ लाइफ बढ़ेगी और किसानों को बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, यह तकनीक बिजली पर निर्भरता कम कर ऊर्जा की बचत करती है तथा कम लागत में अधिक प्रभावी सुखाने की प्रक्रिया उपलब्ध कराती है। ग्रामीण एवं कृषि आधारित लघु उद्योगों के लिए भी यह तकनीक अत्यंत लाभकारी साबित हो सकती है। पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में यह शोध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस पेटेंट के सह-आवेदकों में राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के पूर्व अधिष्ठाता डॉ. महेश्वरी तथा नागपुर विश्वविद्यालय के लक्ष्मीनारायण इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (LIT) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बेलखोडे शामिल हैं। उनके मार्गदर्शन में यह शोधकार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।
डॉ. अंकिता बालपांडे की इस उपलब्धि की शैक्षणिक, शोध एवं इंजीनियरिंग क्षेत्र में सराहना की जा रही है तथा यह विश्वास व्यक्त किया जा रहा है कि उनका यह नवाचार कृषि क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगा।
