सेपक टकरॉ प्रतियोगिता में वर्धा और नाशिक बने विजेता
https://www.zeromilepress.com/2026/06/blog-post_09.html
नागपुर। नागपुर जिला सेपक टकरॉ एसोसिएशन द्वारा, महाराष्ट्र सेपक टकरॉ एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित 27वीं जूनियर एवं 36वीं सीनियर राज्य सेपक टकरॉ चैम्पियनशिप में वर्धा जिले की टीम ने सीनियर पुरुष वर्ग का तथा नाशिक जिले की टीम ने जूनियर लड़को के वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
मानकापुर स्थित डिविजनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मानकापुर में आयोजित इस प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में नाशिक ने अमरावती को 2-1 रेगू से पराजित किया। नाशिक ने पहला और तीसरा रेगू जीता, जबकि अमरावती ने दूसरा रेगू अपने नाम किया। प्रतियोगिता में अमरावती की टीम उपविजेता रही, जबकि नागपुर और गोंदिया की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में अमरावती ने गोंदिया को 2-0 रेगू से तथा नाशिक ने मेजबान नागपुर को 2-1 रेगू से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। सीनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में वर्धा ने नागपुर को 2-0 रेगू से हराकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। सेमीफाइनल में वर्धा ने नांदेड़ को 2-1 से तथा नागपुर ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 2-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। राज्य संघ के अध्यक्ष Vipin Kamdar तथा आयोजन सचिव Dr. Amrita Pandey ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई दी और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
