Loading...

एपीआई विदर्भ शाखा द्वारा 'ट्रायलॉग सिम्पोजियम' का सफल आयोजन


नागपुर। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स ऑफ इंडिया (एपीआई) की विदर्भ शाखा द्वारा होटल तुली इम्पीरियल, रामदासपेठ, नागपुर में “ट्रायलॉग सिम्पोजियम” का सफल आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक कार्यक्रम में विदर्भ क्षेत्र के चिकित्सकों, मधुमेह विशेषज्ञों तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक विशेषज्ञों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


कार्यक्रम का शुभारंभ पंजीयन एवं अल्पाहार से हुआ। इसके पश्चात एपीआई विदर्भ शाखा की अध्यक्षा डॉ. तनुजा मनोहर ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। वैज्ञानिक सत्रों का संचालन डॉ. शांतनु सेनगुप्ता ने किया।

संगोष्ठी

में मधुमेह, हृदय रोग तथा गुर्दा रोगों से संबंधित समकालीन विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. शैलेन्द्र गंजेवार ने 'डायबिटीज़ एंड हार्ट फेल्योर : दो महामारियां, एक समन्वित दृष्टिकोण' विषय पर व्याख्यान देते हुए इन दोनों रोगों के घनिष्ठ संबंध तथा समग्र उपचार पद्धति की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

डॉ. विपुल सेता ने 'एसीएस रोगियों में स्टैटिन्स की भूमिका' विषय पर मार्गदर्शन करते हुए हृदय रोगियों में लिपिड नियंत्रण के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. प्रमोद गांधी ने 'टाइप-2 मधुमेह में ड्यूल एवं ट्रिपल फिक्स्ड-डोज़ कॉम्बिनेशन कब और कैसे प्रारंभ करें' विषय पर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की तथा रोगी-केंद्रित उपचार रणनीतियों पर विशेष जोर दिया।

अंतिम वैज्ञानिक सत्र में डॉ. पंकज जावंधिया ने 'यूएसीआर जांच का महत्व तथा क्रॉनिक किडनी डिजीज की प्रगति को रोकने के लिए समय पर हस्तक्षेप' विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मधुमेह रोगियों में गुर्दों की क्षति का शीघ्र पता लगाने और समय रहते उपचार आरंभ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वैज्ञानिक सत्रों की अध्यक्षता डॉ. आर. बी. कलमकर एवं डॉ. संकेत पेंडसे ने की। उनके मार्गदर्शन और टिप्पणियों से चर्चा और अधिक समृद्ध हुई। प्रश्नोत्तर सत्र में उपस्थित चिकित्सकों को विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम का समापन एपीआई विदर्भ शाखा की मानद सचिव डॉ. अश्विनी तायडे द्वारा प्रस्तुत आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। यह संगोष्ठी चिकित्सकों के लिए नवीनतम साक्ष्य-आधारित चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी प्राप्त करने तथा आपसी ज्ञान-विनिमय का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुई। कार्यक्रम के उपरांत सभी प्रतिनिधियों के लिए भोजन एवं अनौपचारिक संवाद का आयोजन किया गया।
समाचार 7153713343923905574
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list