Loading...

इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 303 में नेतृत्व के नए अध्याय का शुभारंभ

उचित कचरा प्रबंधन के लिए 80 बड़े कूड़ेदान का किए दान 

नागपुर/नासिक। इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 303 के लिए वर्ष 2026–27 के नए नेतृत्व का शुभारंभ नासिक में आयोजित 36वीं इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट असेंबली 'आयाका' के दौरान भव्य एवं गरिमामय स्थापना समारोह के साथ हुआ, जिसमें श्रीमती मनीषा चौधरी ने डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन के रूप में पदभार ग्रहण किया। समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. बीना व्यास थीं, जबकि डॉ. रश्मि शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन रमा गर्ग ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित प्रभावशाली प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात उन्होंने श्रीमती मनीषा चौधरी का परिचय कराया और उन्हें वर्ष 2026- 27 के लिए इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 303 की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन के रूप में विधिवत पदभार सौंपा।

पदभार ग्रहण करने के बाद डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मनीषा चौधरी ने अपनी जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें डिस्ट्रिक्ट वाइस चेयरमैन विद्या रघुशे, डिस्ट्रिक्ट आईपीडीसी एवं एसोसिएशन काउंसिल सदस्य रमा गर्ग, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी मोनिका झुनझुनवाला, डिस्ट्रिक्ट ट्रेज़रर योगिता बंग, डिस्ट्रिक्ट आईएसओ स्वाति वानकर, डिस्ट्रिक्ट एडिटर डॉ. उज्ज्वला मोहता, डिस्ट्रिक्ट ईएसओ पीडीसी ज़ुलेखा शुक्ला तथा डिस्ट्रिक्ट सीसीसीसी पीडीसी कीर्ति चांदे शामिल हैं।

अपने स्वीकृति भाषण में श्रीमती मनीषा चौधरी ने दूरदर्शिता, एकता और करुणा के साथ जिले का नेतृत्व करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने अपने कार्यकाल के लक्ष्यों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अंतरराष्ट्रीय इनर व्हील अध्यक्ष इंगलॉग विन्थेम्न द्वारा दिए गए इस वर्ष के विषय 'ग्रो एंड फ्लोरिश' (Grow and Flourish) को साकार करने का आह्वान किया। पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन वर्षा कोटपालीवार एवं प्रेरणा बेले ने नवनिर्वाचित डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मनीषा चौधरी तथा उनकी टीम को शुभाशीष एवं शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी तथा डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन का समाचार- पत्र 'मालती' का विमोचन मुख्य अतिथि डॉ. बीना व्यास एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. रश्मि शर्मा के करकमलों से किया गया। अपने प्रेरक उद्बोधनों में दोनों अतिथियों ने सदस्यों से मित्रता, सेवा और अंतरराष्ट्रीय सद्भाव के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समर्पण के साथ समाजसेवा जारी रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण 'क्लीन कुंभ' जिला परियोजना का शुभारंभ रहा। इस परियोजना के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट 303 के 30 इनर व्हील क्लबों द्वारा सामूहिक रूप से 80 बड़े कूड़ेदान दान किए गए। इनका उद्देश्य अक्टूबर 2026 से नासिक में प्रारंभ होने वाले कुंभ मेले के दौरान स्वच्छता, उचित कचरा प्रबंधन तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। इन कूड़ेदानों को नासिक महानगरपालिका के महापौर को औपचारिक रूप से सौंपा गया।

समारोह में जिले के विभिन्न क्लबों से लगभग 250 इनर व्हील सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन एवं सौहार्दपूर्ण मिलन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मनीषा चौधरी के नेतृत्व में सेवा, मित्रता एवं समर्पण के एक नए वर्ष का शुभारंभ हुआ।

समाचार 1667541193138281193
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list