डॉक्टर्स डे पर एम्स नागपुर में चिकित्सा जगत के दो महान हस्तियों का सम्मान
https://www.zeromilepress.com/2026/07/blog-post_03.html
नागपुर। डॉक्टर्स डे के अवसर पर डॉ. पी. के. देशपांडे एवं डॉ. दिलीप गुप्ता का उनके- अपने चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय योगदान के लिए एम्स नागपुर में सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह की सबसे प्रेरणादायक बात यह रही कि दोनों महान चिकित्सकों ने अपने जीवन की शुरुआत बुलढाणा जिले के छोटे से गांव चिखली से की थी। पिछले 75 वर्षों से उनकी अटूट मित्रता ने जीवन के हर सुख-दुःख, संघर्ष और सफलता में एक-दूसरे का साथ निभाया। दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वतंत्र रूप से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और समाज एवं चिकित्सा जगत में अमूल्य योगदान दिया। आज प्राप्त यह सम्मान उनके आजीवन समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का गौरवपूर्ण सम्मान था।
एम्स नागपुर के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. डॉ. प्रशांत पी. जोशी ने दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर एम्स नागपुर के शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष एवं डीन डॉ. दुभाशी ने दोनों विभूतियों का परिचय देते हुए उनके चिकित्सा, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान पर प्रकाश डाला।
एम्स नागपुर के खचाखच भरे सभागार में आयोजित इस गरिमामय समारोह में स्नातक (UG) एवं स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थी, संकाय सदस्य तथा इंटर्नशिप का पहला दिन शुरू करने वाले नवप्रवेशित इंटर्न बड़ी संख्या में उपस्थित थे। डॉ. देशपांडे और डॉ. गुप्ता के प्रेरणादायी जीवन- प्रवास एवं 75 वर्षों की अद्भुत मित्रता ने उपस्थित युवा चिकित्सकों को समर्पण, उत्कृष्टता, सेवा- भाव, विनम्रता और मानवीय मूल्यों के साथ चिकित्सा सेवा करने की प्रेरणा दी। डॉक्टर दिवस पर आयोजित यह समारोह सभी के लिए अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
