मिलावट मुक्त नागपुर की मांग, शिवसेना चिकित्सा सहायता कक्ष ने सौंपा ज्ञापन



खाद्य एवं औषधि प्रशासन से मिठाई दुकानों, होटलों और खाद्य निर्माण इकाइयों की तत्काल जांच की मांग


नागपुर। दीपावली के त्योहार के दौरान नागपुर शहर एवं जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर शिवसेना (वंदनीय बाळासाहेब ठाकरे) वैद्यकीय मदत कक्ष एवं डॉ. श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन के विदर्भ कार्यालय की ओर से खाद्य एवं औषधि प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।


विदर्भ प्रमुख प्रवीण लता बालमुकुंद शर्मा के नेतृत्व में शिवसेना पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन्स स्थित खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त, विदर्भ विभाग कृष्णा जयपूरकर से मुलाकात कर मिलावटखोरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।


ज्ञापन में कहा गया कि दीपावली के अवसर पर नागरिक बड़ी संख्या में होटलों, रेस्टोरेंट, फरसाण केंद्रों, डेयरियों एवं मिठाई की दुकानों से खाद्य पदार्थ खरीदते हैं। ऐसे में कुछ प्रतिष्ठानों और सोनपापड़ी व केक निर्माण इकाइयों में कथित रूप से हानिकारक एवं घटिया सामग्री का उपयोग कर आकर्षक पैकिंग में खाद्य पदार्थ बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।


प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से सभी होटलों, रेस्टोरेंट, फरसाण कारखानों, मिठाई दुकानों, सोनपापड़ी एवं केक निर्माण इकाइयों का तत्काल निरीक्षण करने, मिलावटी अथवा घटिया खाद्य पदार्थ पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर कार्रवाई करने तथा किए गए निरीक्षण एवं कार्रवाई की विस्तृत जानकारी लिखित रूप में उपलब्ध कराने की मांग की।


इस अवसर पर जिला प्रमुख सचिन शर्मा, चंद्रशेखर बावनकुले, शहर प्रमुख महिमा शर्मा, उपजिला प्रमुख शहाबुद्दीन शेख, उपशहर प्रमुख रमेश कोठेकर, नौशाद खान पठान, विधानसभा संगठक रेणू देवेंद्र सिंह, शहर प्रमुख प्रेम बिरादर, विधानसभा संगठक राकेश बोकाडे, रामकुमार अग्रवाल, हर्षल वंजारी, प्रफुल्ल रामटेके, शहर प्रमुख शगुन बेंडेकर, उमेश बेंडेकर, विभाग प्रमुख अनिकेत पुंडलिके, प्रणय लोणारे एवं जिला प्रमुख उषाताई धुर्वे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और रोगी सेवक उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने ‘मिलावट मुक्त नागपुर’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रशासन से प्रभावी एवं नियमित कार्रवाई करने का आग्रह किया।


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग