दिव्यांग बेटी नुपुर संग विजयिनी सखियों ने मनाई दीपावली
‘
आशीष पल’ उपक्रम के तहत नुपुर के हस्तनिर्मित दीपकों की खरीदारी कर बढ़ाया उत्साह, आत्मनिर्भरता को दिया प्रोत्साहन
नागपुर। विजयिनी सखी मंच के पाक्षिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में उपक्रम ‘आशीष पल’ – 37 के अंतर्गत विजयिनी सखियों ने इस वर्ष भी अपनी दीपावली एक विशेष अंदाज में मनाई। इस अवसर पर सखियों ने दिव्यांग बेटी नुपुर पिदादी के साथ दीपावली का आनंदोत्सव मनाकर उसके आत्मविश्वास, हुनर और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित किया।
SVK Kites की होनहार विद्यार्थी, विजयिनी परिवार की कर्मठ बिटिया और नागपुर की प्रेरणादायी व्यक्तित्व नुपुर पिदादी शारीरिक चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करते हुए पूरे उत्साह और जिंदादिली के साथ अपना जीवन जी रही हैं। वे आत्मनिर्भर हैं और ‘नुपुर डेली नीड्स’ का संचालन करते हुए निरंतर सक्रिय हैं। इसके साथ ही हस्तनिर्मित दीपक तैयार करने की उनकी कला भी सराहनीय है।
अपनी परंपरा को कायम रखते हुए विजयिनी सखियां नुपुर के मनीष नगर स्थित निवास स्थान पहुँचीं। उन्होंने नुपुर के हाथों से बनाए गए दर्जनों दीपकों की खरीदारी कर उनकी कला और मेहनत को सम्मान दिया। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान सखियों ने नुपुर को उपहार एवं मिठाइयाँ भेंट कीं और उनके साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं।
यह पहल केवल दीपकों की खरीदारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभा, स्वावलंबन और सकारात्मक जीवन-दृष्टि को प्रोत्साहित करने का प्रेरक संदेश भी दिया गया।
इस कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग के लिए विजयिनी पूनम हिंदुस्तानी, सुनीता अनेजा, इशिता चौधरी, ममता तिवारी, मीना यादव, मनीषा मोढ़ सराफ, संगीता पांडे, एकता खत्री, दीप्ति चाचरा एवं मंजू देवांगन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया।
विजयिनी सखी मंच का यह प्रयास समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और आत्मनिर्भरता के मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
