भाईदूज : तिलक और आरती से आगे, बहन के सम्मान का रिश्ता!



माथे पर लगा तिलक केवल एक रस्म नहीं, वह बहन की गरिमा, सुरक्षा, स्वतंत्रता और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का प्रतीक होना चाहिए!


- प्रवीण बागडे

  लेखक, साहित्यकार एवं सामाजिक विश्लेषक

  नागपुर, महाराष्ट्र 

--------------------------------


          भारतीय संस्कृति में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जो केवल खून के संबंधों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि मन की गहराइयों में अपनी जगह बना लेते हैं। भाई और बहन का रिश्ता भी ऐसा ही है। बचपन की नोकझोंक से शुरू होकर, एक ही थाली में खाना बाँटने से मजबूत होता हुआ और जीवन की कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का सहारा बनकर यह रिश्ता उम्रभर भावनात्मक शक्ति देता है। दीपावली के उत्सव में भाईदूज का दिन इसी प्रेम, विश्वास और आत्मीयता को समर्पित है। बहन भाई का तिलक करती है, आरती उतारती है और उसके दीर्घायु होने की कामना करती है। भाई भी बहन को उपहार देता है और उसके सुख-दुःख में साथ रहने का भरोसा दिलाता है। लेकिन इन रस्मों से आगे एक सवाल बहुत महत्त्वपूर्ण है, क्या भाईदूज पर दिया गया प्रेम और सुरक्षा का वचन हम पूरे वर्ष निभाते हैं?

          भाईदूज से जुड़ी एक प्रचलित पौराणिक कथा यमराज और उनकी बहन यमुना की है। कहा जाता है कि यमराज अपनी बहन यमुना के घर गए, जहाँ उन्होंने प्रेमपूर्वक उनका स्वागत किया, तिलक लगाया और उनके दीर्घायु होने की कामना की। कुछ परंपराओं में भगवान श्रीकृष्ण और सुभद्रा की भेंट का भी उल्लेख मिलता है। इन कथाओं में बहन का स्नेह, भाई के प्रति आत्मीयता और पारिवारिक संबंधों का महत्त्व दिखाई देता है। लेकिन इस पर्व का वास्तविक अर्थ केवल कथाओं और धार्मिक रस्मों में खोजने के बजाय उसे अपने जीवन में उतारना अधिक आवश्यक है। बचपन में भाई-बहन की दुनिया कितनी मासूम होती है! खिलौनों को लेकर झगड़े, माँ से एक-दूसरे की शिकायतें, शरारतें, स्कूल से लौटने के बाद मिलकर खाया हुआ नाश्ता, त्योहारों पर नए कपड़े और संकट के समय अनायास बढ़ा हुआ मदद का हाथ, यही छोटी-छोटी यादें आगे चलकर जीवन की सबसे बड़ी पूँजी बन जाती हैं। समय बदलता है, घर बदलते हैं, बहन विवाह के बाद दूसरे घर चली जाती है और भाई अपनी जिम्मेदारियों में व्यस्त हो जाता है, लेकिन मन के किसी कोने में बचपन का वह रिश्ता हमेशा जीवित रहता है। बहन जब मायके लौटती है, तो घर में एक बार फिर बचपन की खुशबू फैल जाती है।

          लेकिन इस सुंदर रिश्ते का एक सामाजिक पहलू भी है। हमारे समाज में बहन को अक्सर त्याग, सहनशीलता और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। वह अपना मायका छोड़ती है, नया घर अपनाती है और रिश्तों को सँभालती है, लेकिन उसकी अपनी इच्छाओं, सपनों और अधिकारों को कितना महत्त्व मिलता है? भाईदूज पर बहन से आरती करवाने वाला भाई क्या उसकी शिक्षा, आत्मनिर्भरता और निर्णय लेने की स्वतंत्रता के लिए भी मजबूती से खड़ा होता है? क्या वह उसकी समस्याओं को समझता है? क्या उसके सम्मान पर चोट पहुँचने पर उसके साथ खड़ा होता है? हर भाई को इन सवालों का उत्तर स्वयं से माँगना चाहिए। बहन की रक्षा करने का अर्थ उसे चार दीवारों के भीतर सुरक्षित रखना नहीं, बल्कि उसे अपने पैरों पर खड़ा होने की शक्ति देना है। उसके कपड़ों, मित्रता, शिक्षा, नौकरी या जीवनसाथी चुनने के फैसलों पर नियंत्रण करना प्रेम नहीं है। सच्चा प्रेम उसकी स्वतंत्रता का सम्मान करता है। बहन को आवश्यकता पड़ने पर सहारा देना जरूरी है, लेकिन जब वह सक्षम हो, तब उसकी क्षमता पर विश्वास करना भी उतना ही जरूरी है। सुरक्षा के नाम पर उसकी स्वतंत्रता छीनना रिश्ते की मजबूती नहीं, बल्कि पुरुषप्रधान मानसिकता का परिचायक है।

          आज भी अनेक लड़कियों को शिक्षा से वंचित रखा जाता है। आर्थिक परिस्थितियों का हवाला देकर उनके सपनों को रोक दिया जाता है। दहेज, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और असमानता का सामना करना पड़ता है। कई परिवारों में भाई को संपत्ति पर अधिकार दिया जाता है, लेकिन बहन के कानूनी अधिकारों की अनदेखी की जाती है। ऐसे में भाईदूज पर दिया गया उपहार कितना भी महँगा क्यों न हो, यदि बहन के अधिकारों का सम्मान नहीं है, तो उस उपहार का मूल्य अधूरा है। बहन को संपत्ति में समान अधिकार देना, उसकी राय का सम्मान करना और संकट में आर्थिक तथा मानसिक सहारा देना ही सच्चे अर्थों में भाईदूज है। बहन भी भाई के जीवन में केवल तिलक लगाने वाली व्यक्ति नहीं होती। वह उसकी पहली मित्र, विश्वासपात्र सलाहकार, भावनात्मक सहारा और कठिन समय में उसकी मौन शक्ति होती है। भाई की असफलता में उसे हौसला देने वाली, उसकी सफलता में दिल से खुश होने वाली और उसकी गलतियों पर उसे सच बताने का साहस रखने वाली व्यक्ति बहन ही होती है। उसका प्रेम अंधा नहीं, बल्कि समझदार होता है। भाई की हर गलती का समर्थन करना स्नेह नहीं, सही समय पर उसे सही रास्ता दिखाना ही सच्ची आत्मीयता है।

         भाईदूज मनाते समय समाज की उन बेटियों और महिलाओं को भी याद करना चाहिए, जिनके पास भाई का सहारा नहीं है, अकेली रहने वाली महिलाएँ, वृद्ध बहनें, विधवाएँ और कठिन परिस्थितियों से जूझ रही स्त्रियाँ भी हमारे सामाजिक दायित्व का हिस्सा हैं। हर महिला का भाई हो, यह जरूरी नहीं और हर बहन को संकट के समय सहारा मिले, यह भी निश्चित नहीं। इसलिए रिश्तों की परिभाषा को केवल रक्त संबंधों तक सीमित न रखकर मानवता तक विस्तारित करना चाहिए। किसी जरूरतमंद लड़की की शिक्षा में सहायता करना, बहन के नाम पर पेड़ लगाना, उसके स्वास्थ्य का ध्यान रखना या उसके सपनों को पंख देना, ऐसे कार्य भाईदूज के उत्सव को अधिक सार्थक बना सकते हैं। आज सोशल मीडिया पर भाईदूज की शुभकामनाओं की भरमार रहती है। सुंदर तस्वीरें, आकर्षक संदेश और महँगे उपहार इस पर्व का हिस्सा बन गए हैं। लेकिन डिजिटल शुभकामनाओं से अधिक महत्त्वपूर्ण वास्तविक जीवन की संवेदनशीलता है। वर्ष में एक दिन बहन से तिलक करवाना आसान है, लेकिन साल के हर दिन उसके सम्मान के लिए खड़ा होना असली परीक्षा है। उसकी आँखों में खुशी लाने वाला उपहार केवल गहना या साड़ी नहीं, बल्कि उसके सपनों को दिया गया साथ, उसके अस्तित्व का सम्मान और उसके अधिकारों की रक्षा है।

         भाईदूज भाई-बहन के प्रेम का उत्सव है, लेकिन इस प्रेम में समानता का भाव जुड़ जाए, तो यह रिश्ता और सुंदर बन सकता है। बहन भाई के दीर्घायु होने की कामना करे और भाई उसे स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ जीवन जीने का विश्वास दे। इस रिश्ते में अधिकार से अधिक सम्मान, बंधनों से अधिक विश्वास और दिखावे से अधिक संवेदनशीलता होनी चाहिए। माथे का तिलक कुछ ही समय में मिट जाएगा, आरती की थाली एक ओर रख दी जाएगी और उपहारों की खुशी भी समय के साथ कम हो जाएगी, लेकिन बहन के सम्मान के लिए जीवनभर खड़े रहने का वचन कभी नहीं मिटना चाहिए। क्योंकि सच्ची भाईदूज केवल एक दिन की परंपरा नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है!


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग