थैलेसीमिया एवं सिकल सेल पीड़ित बच्चों के लिए दीपावली मिलन और बाल दिवस समारोह का आयोजन



नागपुर। थैलेसीमिया एवं सिकल सेल जैसी गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों के चेहरे पर खुशियां बिखेरने के उद्देश्य से थैलेसीमिया एंड सिकल सेल सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा दीपावली मिलन एवं बाल दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शनिवार, 14 नवंबर 2026 को शाम 5 से रात 8 बजे तक रघुवानी चाइल्ड केयर सेंटर एंड हॉस्पिटल, जरीपटका, नागपुर में आयोजित होगा।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इन गंभीर बीमारियों से प्रभावित बच्चों को दैनिक उपचार और चुनौतियों के बीच मनोरंजन, आनंद तथा आपसी मेल-मिलाप के यादगार पल उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर बच्चों एवं उनके परिवारों के लिए विशेष सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।


थैलेसीमिया एंड सिकल सेल सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. विंकी रघुवानी ने बताया कि थैलेसीमिया और सिकल सेल गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण बीमारियां हैं। इनसे प्रभावित बच्चों को जीवनभर उपचार के साथ अनेक शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे आयोजन बच्चों और उनके परिवारों को एक साथ खुशियां मनाने, अपनी परेशानियों को कुछ समय के लिए भुलाने तथा सकारात्मक वातावरण में समय बिताने का अवसर प्रदान करते हैं।


उन्होंने कहा कि खुशी, अपनत्व और प्रोत्साहन के ऐसे पल बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न प्रेरणादायी व्यक्तित्व एवं शुभचिंतक भी बच्चों से संवाद करेंगे और उन्हें जीवन की चुनौतियों का साहस एवं आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, नागपुर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। अतिथि बच्चों एवं उनके परिवारों का उत्साहवर्धन करेंगे।


थैलेसीमिया एंड सिकल सेल सोसायटी ऑफ इंडिया का यह आयोजन संस्था की उस सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वह मरीजों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ भावनात्मक सहयोग, सामाजिक जुड़ाव और खुशहाल जीवन के अवसर प्रदान करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।


लोकप्रिय खबरें

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

साहित्यिकी में छाई रहीं मुंशी प्रेमचंद की रचनाएं