महात्मा ज्योतिराव फुले के विचारों पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
25 नवंबर तक भेज सकेंगे प्रविष्टियां
नागपुर। क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले के द्विजन्मशताब्दी वर्ष 2026-2027 तथा उनके द्वारा स्थापित सत्यशोधक समाज के 153वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में महात्मा फुले के विचारों पर आधारित निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। महाराष्ट्र कामगार कल्याण मंडल, रघुजीनगर, नागपुर, कन्हेरे फाउंडेशन तथा ज्योति सावित्री बहुउद्देशीय संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में महाविद्यालयीन एवं विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
महात्मा ज्योतिराव फुले ने 24 सितंबर 1873 को सत्यशोधक समाज की स्थापना कर सामाजिक समानता, शिक्षा के प्रसार, स्त्री-पुरुष समानता तथा शोषित एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके क्रांतिकारी विचारों, सामाजिक सुधारों और वैचारिक विरासत से नई पीढ़ी को परिचित कराना इस प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य है।
प्रतियोगिता दो समूहों में आयोजित की जाएगी। प्रथम समूह में कक्षा 12वीं से स्नातक स्तर तक के विद्यार्थी ‘महात्मा ज्योतिराव फुले की शिक्षा प्रणाली’ विषय पर अधिकतम 1000 शब्दों में निबंध प्रस्तुत कर सकेंगे। वहीं, द्वितीय समूह में स्नातकोत्तर, एम.फिल. एवं पीएच.डी. के विद्यार्थी ‘महात्मा ज्योतिराव फुले द्वारा स्थापित सत्यशोधक समाज की वर्तमान प्रासंगिकता’ विषय पर अधिकतम 1200 शब्दों में अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे। निबंध मराठी, हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में स्वीकार किए जाएंगे।
दोनों समूहों के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार रखे गए हैं। प्रत्येक समूह में प्रथम पुरस्कार 701 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 501 रुपये, तृतीय पुरस्कार 301 रुपये तथा प्रोत्साहन पुरस्कार 101 रुपये प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में सहभागी सभी विद्यार्थियों को सम्मान प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगियों को अपने महाविद्यालय के लेटरहेड पर पूरा नाम, पता, जन्मतिथि एवं मोबाइल नंबर अंकित कर निबंध प्रस्तुत करना अनिवार्य है। निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी अपने निबंध महाराष्ट्र कामगार कल्याण मंडल, रघुजीनगर, नागपुर में सुबह 11 से दोपहर 4 बजे तक जमा कर सकते हैं।
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह सोमवार, 30 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे महाराष्ट्र कामगार कल्याण मंडल, रघुजीनगर, नागपुर में आयोजित किया जाएगा।
इस उपक्रम की संकल्पना शैल जैमिनी एवं शीला शांता गोपाल पाटिल की है। आयोजन महाराष्ट्र कामगार कल्याण मंडल एवं ज्योति सावित्री बहुउद्देशीय संस्था की ओर से किया जा रहा है, जबकि कन्हेरे फाउंडेशन, नागपुर प्रायोजक है।
आयोजकों ने विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में प्रतियोगिता में सहभागी होकर महात्मा फुले के विचारों और सामाजिक परिवर्तन के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है। अधिक जानकारी एवं संपर्क के लिए सचिन वंजारी (9028225833), राम कोल्हे (9823482557) तथा श्याम चौधरी (9850324664) से संपर्क किया जा सकता है।
