नूरुल हक के जन्मदिन पर हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम
नन्हीं धाविका आर्या टाकोणे का किया सम्मान
नागपुर। नागपुर के ऊर्जावान मैराथन धावक एवं साइकिलिस्ट नूरुल हक के जन्मदिवस पर जापानीज गार्डन में हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ब्लड डोनेशन कैंप, हेल्थ चेकअप एवं फुल बॉडी चेकअप कैंप के साथ पौष्टिक आहार की व्यवस्था की गई। लेटर ग्रुप लाफ्टर क्लब के अध्यक्ष किशोर कुकरेजा एवं उनकी टीम के साथ नूरुल हक ने केक काटकर जन्मदिन मनाया।
कार्यक्रम में ऑल इंडिया कौमी तंजीम के नागपुर जिला प्रेसिडेंट एवं प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर शेख मुख्तार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाली 8 वर्षीय नन्हीं धाविका कु. आर्या पंकज टाकोणे (पुलगांव, जिला वर्धा) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
आर्या ने 3 वर्ष 4 महीने की उम्र में 1 किलोमीटर की दौड़ 5 मिनट 50 सेकंड में पूरी कर चीन के 8 वर्षीय बच्चे का रिकॉर्ड तोड़ा। उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है। उन्हें ‘Fastest Kids on Earth’ की उपाधि, प्रधानमंत्री की ओर से विशेष आमंत्रित खिलाड़ी के रूप में सम्मान तथा वर्ष 2022 में मध्यप्रदेश सरकार का क्रीड़ारत्न पुरस्कार मिल चुका है।
गोवा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण एवं रजत पदक जीतने के साथ उन्होंने वियतनाम और मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व किया। नवंबर 2025 में BSF मैराथन में 5 किलोमीटर की दौड़ 24 मिनट में पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। अब तक वे 68 सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड के कोच से प्रशिक्षण ले रही हैं।
नूरुल हक, किशोर कुकरेजा, शेख मुख्तार एवं उनकी टीम ने प्रतिभाओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन ने जन्मदिन को स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सेवा और प्रतिभा सम्मान से जोड़कर एक प्रेरणादायी संदेश दिया।
