जमील अंसारी को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा



तीन भाषाओं के साहित्यकार के रूप में 30 वर्षों से हिंदी, मराठी और उर्दू साहित्य की कर रहे हैं सेवा


नागपुर। हिंदी, मराठी एवं उर्दू के सुप्रसिद्ध कवि, हास्य-व्यंग्य शिल्पी तथा विशेष कार्यकारी अधिकारी जमील अंसारी को साहित्य, कला, संस्कृति, सामाजिक कार्य एवं शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है।


जमील अंसारी पिछले 30 वर्षों से उर्दू के साथ-साथ हिंदी एवं मराठी साहित्य की निरंतर सेवा कर रहे हैं। एक उर्दू भाषी साहित्यकार होने के बावजूद तीनों भाषाओं में उनकी सृजनात्मक सक्रियता, साहित्य के प्रति समर्पण और बहुआयामी प्रतिभा उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाती है। उनकी कलम और कर्म का दायरा साहित्य तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों, कला, संस्कृति, खेल, मजदूर संगठनों, राष्ट्रीय एकता एवं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।


विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई यह मानद उपाधि उनके दीर्घकालीन साहित्यिक सफर, विशिष्ट उपलब्धियों, अनुभवों तथा देश और समाज के प्रति समर्पित सेवाओं का सम्मान है। उनकी उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि भाषा की सीमाओं से ऊपर उठकर साहित्य और समाज की सेवा करना ही सच्चे रचनाकार की पहचान है। ऐसे व्यक्तित्वों की जीवन यात्रा और कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनती है तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन की राह प्रशस्त करती है।


इस अवसर पर पं. दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. इंद्र भूषण मिश्र, उत्तराखंड सरकार के शिक्षा निदेशक डॉ. आनंद भारद्वाज तथा आमदार मुरारी लाल पासवान विशेष रूप से उपस्थित थे।

जमील अंसारी ने इस गौरवपूर्ण सम्मान के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दयानंद जायसवाल एवं कुलसचिव डॉ. देवेंद्रनाथ साह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव के साथ-साथ साहित्य और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा से निभाने की प्रेरणा भी है।


जमील अंसारी को मिली इस मानद उपाधि से साहित्यिक एवं सामाजिक क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। उनकी इस उपलब्धि को तीनों भाषाओं के साहित्य जगत के लिए भी गौरवपूर्ण माना जा रहा है।


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग