वरिष्ठ जनों को रेल किराए में पूर्ववत रियायत देने की मांग
ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान का रेल मंत्री को ज्ञापन
नागपुर। वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा में पूर्ववत किराया रियायत एवं विशेष सुविधाएँ प्रदान करने की मांग को लेकर ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान के सचिव डॉ. राजू मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारियों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। यह ज्ञापन मध्य रेल, नागपुर मंडल के विभागीय रेल प्रबंधक के माध्यम से भेजा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि देश के वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में समर्पित किया है। वृद्धावस्था में उन्हें चिकित्सा, पारिवारिक कार्यों, धार्मिक यात्राओं एवं अन्य आवश्यक कारणों से रेल यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में रेल किराए में रियायत मिलना उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है।
पूर्व में रेलवे द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में विशेष छूट प्रदान की जाती थी, लेकिन इस रियायत के बंद होने से विशेषकर पेंशन पर निर्भर एवं आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
पदाधिकारियों ने मांग की है कि वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में पूर्ववत रियायत पुनः शुरू की जाए तथा आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों के लिए विशेष किराया रियायत लागू की जाए।
इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर व्हीलचेयर, सहायता केंद्र एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने, टिकट आरक्षण एवं यात्रा के दौरान प्राथमिकता से सहायता देने तथा लंबी दूरी की ट्रेनों में निचली बर्थ उपलब्ध कराने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा उचित दिशा-निर्देश जारी करने का भी आग्रह किया गया है।
इस अवसर पर डॉ. राजू मिश्रा (सचिव) के साथ मधुकर दहिकर, गोविंद पटेल, मिलिंद वाचणेकर, सुनील अडबे, एड. किरण मोहिते, कालिंदीनी ढुमणे, कृष्णा ढोले, प्रभाकर डोकरीमारे, बिपीन तिवारी, अंगदसिंग सोलंकी, अनिल तुलशान, मधुकर गौरकर एवं श्रीधर नहाते ने रेल मंत्रालय से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
