दीपावली पर वृद्धाश्रम और पुनर्वास केंद्र में बांटी खुशियां



COMHAD (UK) की पहल, वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों और सेवाभावी कर्मचारियों के साथ मनाया दीपावली उत्सव


नागपुर। दीपावली के पावन पर्व पर सेवा, स्नेह और मानवता का संदेश देते हुए COMHAD (UK) की ओर से 1 नवंबर 2026 को नागपुर के दो सामाजिक सेवा केंद्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों और सेवाभावी कर्मचारियों के साथ मिठाई वितरित कर दीपावली की खुशियां साझा की गईं।


कार्यक्रम की शुरुआत उमरेड रोड स्थित मातृ सेवा संघ द्वारा संचालित पंचवटी वृद्धाश्रम से हुई। यहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया गया तथा उन्हें मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन के लिए स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी सुझाव भी साझा किए गए।


इसके बाद वर्धा रोड स्थित बाबा आमटे द्वारा स्थापित अशोकवन–श्रद्धावन पुनर्वास केंद्र में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों और उनकी सेवा में समर्पित कर्मचारियों के साथ दीपावली मनाई गई। सभी को मिठाई वितरित कर पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।


इस अवसर पर COMHAD (UK) के कार्यकारी निदेशक डॉ. उदय बोधनकर, डॉ. प्राजक्ता कडुस्कर, डॉ. रिद्धी कटारिया, स्नेहल कश्यप, केतन टांक एवं डॉ. प्रवीण डबली उपस्थित थे।


इस पहल के माध्यम से संदेश दिया गया कि दीपावली का वास्तविक आनंद केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां बांटने और उनके साथ अपनत्व के पल बिताने में है। सेवा, संवेदना और मानवीय सहयोग की छोटी-सी पहल भी किसी के जीवन में बड़ी मुस्कान ला सकती है।


लोकप्रिय खबरें

श्री नागपुर गुजराती ब्रह्मसमाज में घट स्थापना

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग