अमरावती में श्रद्धा-उत्साह से मनी धन्वंतरि जयंती
1933 से जनसेवा में समर्पित श्री धर्मार्थ आयुर्वेदिक औषधालय में श्रद्धा और उत्साह का आयोजन
अमरावती। भगवान धन्वंतरि जयंती के पावन अवसर पर छत्रपुरी बालाजी मंदिर के समीप स्थित श्री धर्मार्थ आयुर्वेदिक औषधालय में पारंपरिक श्रद्धा, भक्तिभाव और उत्साह के साथ जयंती समारोह का आयोजन किया गया। वर्ष 1933 से निरंतर जनसेवा में समर्पित यह संस्थान न केवल अमरावती, बल्कि पुणे जिले सहित महाराष्ट्र और देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले 5,000 से अधिक परिवारों को उच्चस्तरीय निःशुल्क एवं धर्मार्थ रुग्ण सेवा प्रदान कर रहा है।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान श्री धन्वंतरिजी की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा का माल्यार्पण कर विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान धन्वंतरि से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं निरोगी जीवन की कामना की। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद एवं अल्पाहार का वितरण किया गया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष जुगलकिशोर गट्टाणी, सचिव राजेश हेड़ा, कोषाध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल (भिवसरिया), औषधालय के ट्रस्टी एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. हरिनारायण वाजपेयी, सुमित कलंत्री, गिरीश मारलेचा सहित समस्त ट्रस्टी उपस्थित रहे।
औषधि वितरण सेवा से जुड़े अरुण गुडधे, रमेश उपाध्याय, प्रदीप शर्मा, सागर गोवारे, प्रकाश बांते तथा परिसर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी समारोह में सहभागिता की।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1933 से निरंतर संचालित श्री धर्मार्थ आयुर्वेदिक औषधालय अपनी सेवाभावी परंपरा के माध्यम से आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। भगवान धन्वंतरि जयंती का यह आयोजन इसी सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदना की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बना।
