नागपुर एडवोकेट्स प्रीमियर लीग का भव्य शुभारंभ
न्यायमूर्ति मेहरोज़ ख़ान के हाथों एड. इब्राहिम बख़्श आज़ाद का विशेष सम्मान
नागपुर। नागपुर एडवोकेट्स प्रीमियर लीग (NAPL) की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन समारोह वसंतराव देशपांडे सभागृह में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह में बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ के न्यायमूर्ति मेहरोज़ ख़ान एवं न्यायमूर्ति नन्देश देशपांडे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर बॉम्बे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एड. अभय सांबरे, सचिव एड. श्रीरंग भोंगाड़े, पूर्व अध्यक्ष एड. अतुल पांडे, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एड. प्रकाश जायसवाल, सचिव एड. अनिल गुल्हाने तथा वरिष्ठ अधिवक्ता एड. प्रकाश नायडू सहित न्यायिक एवं विधि क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियां उपस्थित थीं।
उपस्थित अतिथियों ने नागपुर एडवोकेट्स प्रीमियर लीग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन अधिवक्ताओं को न्यायालयीन कार्यों की व्यस्तता से समय निकालकर खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा आपसी एकता, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
टूर्नामेंट को पिछले कई वर्षों से निरंतर आयोजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एड. धर्मराज बोगाटी के प्रयासों की विशेष प्रशंसा की गई। साथ ही उनकी पूरी आयोजन समिति के योगदान की भी सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिवक्ताओं का स्मृतिचिह्न प्रदान कर सम्मान किया गया। इसी क्रम में अपनी प्रभावशाली, आकर्षक एवं अनूठी मंच संचालन कला से विभिन्न कार्यक्रमों को विशेष गरिमा प्रदान करने वाले एड. इब्राहिम बख़्श आज़ाद को न्यायमूर्ति मेहरोज़ ख़ान के हाथों स्मृतिचिह्न प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मान से अभिभूत एड. इब्राहिम बख़्श आज़ाद ने एड. धर्मराज बोगाटी एवं संपूर्ण आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द को प्रोत्साहित करने वाला यह आयोजन गरिमामय उपस्थिति और उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ।
