Loading...

डॉ. शहाबुद्दीन शेख को चौ. चरण सिंह राष्ट्रीय नागरी सम्मान


नागपुर/पुणे। नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के कार्याध्यक्ष डॉ. शहाबुद्दीन नियाज़ मुहम्मद शेख, पुणे, महाराष्ट्र को हाल ही में चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय नागरी सम्मान से विभूषित किया गया। भारतीय संविधान सम्मत राष्ट्र लिपि देवनागरी के प्रचार, प्रसार व संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान हेतु डॉ. शेख को यह सम्मान प्रदान किया गया है। 

आचार्य विनोबा भावे जी की सद्प्रेरणा से स्थापित नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के तत्वावधान में पांडिचेरी विश्वविद्यालय, पुदुच्चेरी में आयोजित 44 वें वार्षिक अधिवेशन में शॉल, सम्मानपत्र, प्रमाणपत्र तथा पाँच हज़ार की राशि सम्मान स्वरूप प्रदान की गई। पांडिचेरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. गुरूमीत सिंह, केन्द्रीय हिंदी शिक्षण मंडल, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, आगरा के उपाध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा ‘जोशी’ एवं नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के अध्यक्ष पूर्व कुलपति डॉ. प्रेमचंद पतंजलि के करकमलों से तथा नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के महामंत्री डॉ. हरिसिंह पाल, रोगवाहक नियंत्रण अनुसंधान केंद्र, पुदुच्चेरी के निदेशक डॉ. अश्विनी कुमार व कर्मवीर सिंह, हापुड़ की विशेष उपस्थिति में डॉ. शहाबुद्दीन को सम्मानित किया गया। 

डॉ. शहाबुद्दीन शेख ने महाराष्ट्र के नेवासा के स्थानीय श्री. ज्ञानेश्वर महाविद्यालय में 32 वर्ष अपनी अध्यापकीय सेवा सहित औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के लोकसेवा महाविद्यालय में प्राचार्य के रूप में साढ़े आठ वर्ष प्रशासकीय सेवाएँ दी है। महाराष्ट्र राज्य सरकार की ओर से राज्य शिक्षक पुरस्कार तथा सवित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय, पुणे की ओर से सर्वोत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डॉ. शेख इसके पूर्व नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली की ओर से ‘विनोबा राष्ट्रीय नागरी सम्मान’ से सम्मानित हो चुके हैं। 

डॉ. शहाबुद्दीन शेख 1982 से नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। परिषद के लगभग 33 वार्षिक अधिवेशनों में उनकी सक्रिय सहभागिता रही है। संप्रति डॉ. शहाबुद्दीन शेख नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के कार्याध्यक्ष, विश्व हिंदी साहित्य सेवा संस्थान, प्रयागराज, उ. प्र. के अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के राष्ट्रीय संयोजक है। 

डॉ. शहाबुद्दीन शेख को इस उपलब्धि के लिए लोकसेवा एज्युकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अली जनाब एम. एम. शेख साहब, नागरी लिपि परिषद, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. प्रेमचंद पतंजलि, महामंत्री डॉ. हरिसिंह पाल, विश्व हिंदी साहित्य सेवा संस्थान, प्रयागराज, उ. प्र. के सचिव डॉ. गोकुलेश्वर कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, सोनभद्र, उ. प्र., राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के अध्यक्ष ब्रज किशोर शर्मा, महासचिव डॉ. प्रभु चौधरी तथा अनेक गणमान्य महानुभावों ने हार्दिक बधाई दी है।
समाचार 7625823078234549305
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list