राजभाषा कार्यान्व यन समिति की वर्ष 2021 की चतुर्थ बैठक का आयोजन
श्री मनिन्दर उप्पल, मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में उक्त बैठक आयोजित की गई । उक्त बैठक में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओ) श्री ए.के.सूर्यवंशी तथा सभी शाखाधिकारी उपस्थित थे । बैठक का संचालन समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी श्री गौतम श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
इस बैठक में 30 सितंबर को समाप्त तिमाही अवधि की राजभाषा प्रगति से संबंधित विभिन्न मदों पर चर्चा एवं समीक्षा की गई । बैठक के प्रारंभ में श्री ए.के.सूर्यवंशी,अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओ) ने बैठक में उपस्थित समिति के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का हार्दिक स्वागत किया । उन्होंने शाखाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी शब्दों को हिंदी में लिखते समय विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए ताकि उसको समझने एवं प्रयोग करने में कोई भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके लिए तकनीकी प्रकृति के अंग्रेजी शब्दों को देवनागरी लिपि में लिखा जाना एक बेहतर तरीका हो सकता है । साथ ही राजभाषा हिंदी में काम करते समय बिल्कुल सरल एवं सहज शब्दों का प्रयोग किया जाना चाहिए।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, द.पू.म.रेलवे, नागपुर मंडल के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबधक श्री मनिन्दर उप्पल ने राजभाषा नियम 1976 के अनुपालन पर प्रसन्नता व्यक्त किया तथा इसे निरंतर बनाए रखने हेतु निदेश दिया । शाखाधिकारियों द्वारा धारा 3 (3) के दस्तावेज़ों को हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी में जारी किए जाने की उनके द्वारा सराहना की गई तथा उनके द्वारा परामर्श दिया गया कि इसे हर हाल में जारी रखा जाए।
साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जनता से जुड़ी हुई सूचनाओं को राजभाषा के नियामानुसार जारी किए जाने में भी कोई कोताही न बरती जाए । इस प्रकार उन्होंने मंडल में राजभाषा के प्रयोग-प्रसार एवं अनुपालन की प्रगति पर गहरा संतोष व्यक्त किया।
बैठक के अंत में सचिव एवं राजभाषा अधिकारी श्री गौतम श्रीवास्तव द्वारा बैठक में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापित किया गया । तत्पश्चात अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री मनिन्दर उप्पल की अनुमति से बैठक की समाप्ति कर दी गई।