महाराष्ट्र मल्हार - 'नई भोर की ओर' विशेषांक का हुआ विमोचन
https://www.zeromilepress.com/2022/02/blog-post_890.html
नागपुर/मुंबई। विद्या दायिनी माँ वाणी की कृपा से साहित्य संगम संस्थान के कुशल मार्गदर्शक एवं प्रेरणा स्रोत राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवीर सिंह मंत्र कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रोहित कुमार रोज, सह अध्यक्ष मिथिलेश मिलिन्द, एवं प्रमाणन अधिकारी संगीता मिश्रा की गरिमापूर्ण उपस्थिति में संगम की महाराष्ट्र इकाई की मासिक पत्रिका 'महाराष्ट्र मल्हार' - 'नई भोर की ओर' अंक - 7 का भव्य विमोचन 21 फ़रवरी को गूगल मीट पर संगम के अनेक पदाधिकारियों एवं सक्रिय रचनाकारों की करतल ध्वनि के साथ किया गया। इस पत्रिका का संपादन मुंबई की नंदिता माजी शर्मा ने वेदस्मृति कृती और मंजूषा किंजवडेकर के सहसंपादन के अतंर्गत किया।
महाराष्ट्र मल्हार की संपादक मंडल नारी शक्ति का एक अनूठा समागम है। विमोचन समारोह के संचालन का भव्य शुभारंभ महाराष्ट्र इकाई की अध्यक्षा मंजूषा किंजवडेकर के द्वारा किया गया। सर्वप्रथम संगम संस्थान की बोली विकास अधिकारी जयश्रीकांत जय ने माँ वाणीश्वरी की वंदना की मधुर प्रस्तुति दी तत्पश्चात् विमोचन कार्यक्रम का आरंभ हुआ।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ, श्रेष्ठ, सक्रिय और ऊर्जावान साहित्यकार, कवि छगनलाल मुथा के कर कमलों से यह 'महाराष्ट्र मल्हार' ई पत्रिका अंक 7 'नई भोर की ओर' विशेषांक का सफल विमोचन संपन्न हुआ। पत्रिका के विमोचन वक्तव्य में विशिष्ट अतिथि छगनलाल मुथा द्वारा उद्धृत निम्न पंक्तियों ने मंच पर उपस्थित प्रत्येक हृदय को भाव विभोर कर दिया -
'महाराष्ट्र मल्हार ई पत्रिका, नई भोर की ओर,
मुखपृष्ठ पर पंख फैलाए, बैठा सुन्दर मोर।
साहित्य संगम संस्थान की, चर्चा चारों ओर,
मिलकर हम सब इसे बनायेंगे, सबसे सिरमौर।'
ये पंक्तियाँ छगनलाल मुथा ने संगम की अलंकरण सम्राट की उपाधि से विभूषित नंदिता माजी शर्मा के आवरण पृष्ठ के अलंकरण से प्रभावित हो कर कहीं।
छगनलाल मुथा को उनके उत्कृष्ट विमोचन के लिए उन्हें संस्थान की ओर से 'महाराष्ट्र गौरव' सम्मान से सम्मानित किया गया। पत्रिका में शामिल सभी को रचनाकारों की रचनाओं में से कुछ चुनिन्दा पंक्तियों को उद्धृत भी किया।
वंदना भंसाली ने महाराष्ट्र इकाई की अध्यक्ष मंजूषा किंजवडेकर, कार्यकारी अध्यक्ष नंदिता माजी शर्मा, प्रदेश सचिव वेदस्मृति कृती की निम्न पंक्तियों से सराहना की -
'महाराष्ट्र इकाई की तीन बहनें करतीं कमाल,
महाराष्ट्र मल्हार के विमोचन से समूह कार्य की बनी मिसाल।'
मिलती रहे आप से हम सबको प्रेरणा एक दिन
महाराष्ट्र इकाई बनेगी संगम में बेमिसाल बेमिसाल 'वंदना भंसाली' कुछ उपस्थित रचनाकारों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियाँ भी दीं।
संगम संस्थान महाराष्ट्र इकाई की अध्यक्ष मंजूषा किंजवडेकर के कुशल संचालन तथा सभी राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारियों के संक्षिप्त वक्तव्य, शुभकामनाओं और बधाई के साथ महाराष्ट्र मल्हार - नयी भोर की ओर- अंक - 7 का भव्य विमोचन का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
इस कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग प्रदान करने के लिए साहित्य संगम संस्थान द्वारा अमृत श्रीकांत का विशेष आभार प्रकट किया गया।इस समारोह मे कलावती कर्वा, सरोज, प्रेमलता उपाध्याय, डॉ. ऋतु नागर, वंदना भंसाली, गजानंद डिगोनिया समेत कई साहित्यकारों ने शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।