बुजुर्गों की किडनी कम काम करती हैं!
https://www.zeromilepress.com/2022/03/blog-post_68.html?m=0
------------------------------ --
जनसाधारण में किडनी के बारे में जागरूकता लाने के लिए विश्व किडनी दिवस हर वर्ष दूसरे गुरुवार को सारे विश्व में मनाया जाता है। हर साल की तरह इस वर्ष भी 10 मार्च को विश्व किडनी दिवस मनाया जा रहा है।
जैसे - जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे हमारी किडनी की कार्य शक्ति भी कम होती जाती है। यह देखा गया है कि 30 वर्ष के उम्र के पश्चात हर साल हमारी किडनी की कार्यक्षमता 1 प्रतिशत कम होती जाती हैं। इसका मतलब यह हुआ कि जब कोई व्यक्ति 60 वर्ष की उम्र में अवसर ग्रहण करता है तब तक उसके किडनी की कार्यशक्ति 30 प्रतिशत कम हो जाती है।
किडनी क्या है
किडनी मौन सफाई कर्मी की तरह होते हैं जो खून की सफाई करते हैं और बदन की गंदगी को पेशाब में निकाल देते हैं । किडनी की बीमारी के बारे में तभी मालूम पड़ता है जब उनकी कार्यशक्ति 50 प्रतिशत कम हो जाती है।
उम्र के साथ-साथ किडनी कम काम क्यों करती हैं
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है वैसे वैसे किडनी में खून का संचार कम होते जाता है और इससे किडनी का आकार छोटा हो जाता है और किडनी कम काम करने लगती है।
जो व्यक्ति तमाकू चबाते हैं, नस का इस्तेमाल करते हैं, धूम्रपान करते हैं या खर्रा खाते हैं, उनकी किडनी की बीमारी तेजी से बढ़ती है। जिन्हें उच्च रक्तदाब अथवा मधुमेह हो, उनकी भी किडनी तेजी से खराब होती है। मोटापा भी किडनी की खराबी का एक कारण है।
उम्र के साथ-साथ किडनी का काम कम होते जाता है इसलिए अधिक उम्र के व्यक्तियों को ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे किडनी की खराबी बढ़ जाए ,जैसे कि उपवास करना, गर्मी में तेज धूप में काम करना, दर्द की दवाइयां लेना या ऐसी आयुर्वेदिक दवाइयां लेना जो किडनी को खराब कर सकती है।
किडनी की खराबी कैसे पहचाने?
आंखों के आसपास अथवा पांव में सूजन आना, पेशाब में झाग आना, कमजोरी, जल्दी थकावट आना, भूख की कमी, जी मचलना, उल्टी इत्यादि। महिलाओं में मासिक माहवारी की अनियमितता, गर्भधारण करने की अक्षमता और मर्दों में संभोग के प्रति अनासक्ति भी किडनी के बीमारी के लक्षण हो सकते हैं।
जैसे-जैसे किडनी की बीमारी बढ़ती है वैसे वैसे हड्डियां कमजोर हो जाती है, और आसानी से फ्रैक्चर हो सकता है।
किडनी की बीमारी कैसे पहचाने ?
पेशाब की जांच करें। पेशाब में प्रोटीन और खून का मिलना किडनी की बीमारी का संकेत देता है ।रक्त परीक्षण में यूरिया और क्रियाटिनीन बढ़ जाता है ।
हमें चाहिए कि हम परिवार के उम्र - दराज सदस्यों का ख्याल रखें। उन्हें ताजा भोजन और भरपूर पानी की आवश्यकता होती है। धूम्रपान, तंबाकू का सेवन ना करें। दर्द की दवाइयां ना लें, और गिरने से बचें ताकि फैक्चर ना हो।
नागपुर, महाराष्ट्र