Loading...

कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को दी विदाई


नागपुर /सावनेर ।स्थानीय अरविंद इंडो पब्लिक स्कूल में   गत दिनों कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को फेयरवेल दिया गया। फेयरवेल का आयोजन कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने किया था ।कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों का स्वागत एवं सत्कार शुभकामना संदेश द्वारा हुआ तत्पश्चात मां सरस्वती की प्रतिमा को माल्यार्पण कर, दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया ।


कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पीपीटी दिखाई गई इसके माध्यम से उन सभी सुखद स्मृतियों को ताजा किया गया जो विद्यार्थियों ने गत 10 वर्षों में इस स्कूल में अनुभूत की थी। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों के मनोरंजन हेतु समूह गीत एवं समूह नृत्य का भी आयोजन किया गया था। कक्षा दसवीं के कुछ विद्यार्थियों ने अपने- अपने मनोगत व्यक्त किए शिक्षकों ने भी अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। 


सभी विद्यार्थियों को स्कूल की ओर  से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने भी स्कूल से विदाई के पूर्व स्कूल को भेंट स्वरूप म्यूजिक सिस्टम दिया। जिसका तत्काल उपयोग भी फेयरवेल कार्यक्रम में किया गया। कक्षा दसवीं की कक्षा शिक्षिका श्रीमती वंदना यादव एवं वंदना बारापात्रे ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए कामना की। मंजूषा साटकार एवं शुभम कारोंकार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। 


कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों को उनके कक्षा शिक्षक अरविंद सर एवं प्रणय सर ने कार्यक्रम के सफलतार्थ काफी सहयोग दिया। कुछ विद्यार्थियों ने कविताओं के माध्यम से तो कुछ विद्यार्थियों ने गीत के माध्यम से कृतज्ञता व्यक्त की स्कूल के प्राचार्य राजेंद्र मिश्र ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में विद्यार्थियों को सजग नागरिक बनने प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन प्रीतिभोज द्वारा हुआ गौरतलब है कि विगत 3 वर्षों में कोविड-19 के कारण फेयरवेल कार्यक्रम  आयोजित नहीं किया गया। अतः विद्यार्थियों में कार्यक्रम के आयोजन एवं कार्यक्रम में सम्मिलित होने की उत्सुकता नजर आई।


अरविंद बाबू देशमुख प्रतिष्ठान के कार्यकारी निदेशक डॉ. आशीष देशमुख ने सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं प्रदान की। अरविंद इंडो पब्लिक स्कूल की सभी शाखाओं के शाखाप्रमुख ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने हेतु अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने विदाई के पूर्व कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों का अभिनंदन किया एवं उन्हें भी नए सत्र में प्रवेश हेतु शुभकामनाएं प्रदान की।
समाचार 4250555167578237289
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list