जीकुमार आरोग्य धाम में योग दिवस संपन्न
https://www.zeromilepress.com/2022/06/blog-post_680.html
करें योग, रहें निरोग : डॉ.ममतानी
नागपुर। जरीपटका स्थित जीकुमार आरोग्य धाम में आरोग्य धाम हेल्थकेयर सोसायटी के तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सोल्लास संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. अंजू ममतानी के मार्गदर्शन में सभी ने मंत्र सहित सूर्य नमस्कार व प्राणायाम का अभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। योग के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. ममतानी ने प.पू. जनार्दन स्वामी जी का संदेश बताया कि -
'समाधानाय सौरव्याय निरोगत्वाय जीवने
योगमेवाभ्यसेत् प्राज्ञः यथाशक्ति निरंतरम्'
अर्थात जीवन में सुख, समाधान व निरोगी अवस्था प्राप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति ने नित्य निरंतर यथाशक्ति योगाभ्यास करना चाहिए। इससे शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न, बुद्धि तेज व तनावरहित जीवन व्यतीत होता है।
डॉ.जी.एम.ममतानी ने 'करें योग, रहें निरोग' का महत्व प्रतिपादित करते हुए योगोपचार की जानकारी देते हुए बताया कि रोग दूर करने हेतु औषधियों के साथ योगासन नितांत आवश्यक है। इस अवसर पर अनेक वात विकार व डायबिटीज़ से ग्रस्त रुग्णों ने निःशुल्क चिकित्सा परामर्श प्राप्त किया। रुग्णों को भी रोगानुसार योगासन के प्रात्यक्षिक कर दिखाए गए।
शिविर में संधिवात, गाउट, स्पांडिलाइटिस, साइटिका, स्लिपडिस्क, ऑस्टियोपोरोसिस, ऑस्टियो आर्थराइटिस, घुटने का दर्द, फ्रोजन शोल्डर, मधुमेह, हाइपरटेंशन आदि के रुग्णों ने चिकित्सा लाभ उठाया। शिविर में शामिल होनेवाले प्रत्येक रुग्णों को स्वास्थ्य वाटिका पत्रिका निःशुल्क दी गई साथ ही आयुर्वेदिक औषधि, पॅथोलाजी, फिजियोथिरेपी व पंचकर्म चिकित्सा पर विशेष छूट दी गई। अंत में डॉ.ममतानी दंपति ने सभी रुग्णों का आभार माना।

