जागरूक ग्राहक ही अर्थव्यवस्था का आधार
https://www.zeromilepress.com/2022/12/blog-post_48.html
नागपुर। आर्य विद्या सभा द्वारा संचालित दयानंद आर्य कन्या विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय के प्रांगण में "ग्राहक संरक्षण व सुरक्षा" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम यज्ञ हवन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। तत्पश्चात अर्थशास्त्र विषय की अध्यापिका संगीता ज्ञानचंदानी ने "उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986" व "उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019" में निहित ग्राहकों के अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
छात्राओं को विभिन्न उदाहरणों द्वारा त्रिस्तरीय न्याय व्यवस्था व उपभोक्ता न्यायालय की जानकारी दी गई। वाणिज्य विभाग की अध्यापिका डॉक्टर मीरा झारानी ने छोटे छोटे उदाहरणों के माध्यम से बाजार में वस्तुओं की खरीदारियों में अनेक सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
प्राचार्या डॉक्टर गीता हरवानी व पर्यवेक्षिका मोनिका सिंघेल ने छात्राओं को जागरूक रहने व अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। कनिष्ठ महाविद्यालय में "जागो ग्राहक जागो, अपने अधिकारों को पहचानो " इस विषय पर निबंध लेखन स्पर्धा ली गई।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ से हुआ l आर्य सभा के अध्यक्ष अशोक कृपलानी, सचिव राजेश लालवानी तथा समस्त पदाधिकारी गणों ने कार्यक्रम की प्रशंसा की।