नागपुर बुक फेस्टिवल’ में मनाया संविधान दिवस
https://www.zeromilepress.com/2025/11/blog-post_367.html
नागपुर। नैशनल बुक ट्रस्ट ऑफ इंडिया द्वारा महाराष्ट्र शासन और ज़ीरो माइल यूथ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में रेशमबाग़ मैदान पर चल रहे नौ दिवसीय ‘नागपुर बुक फेस्टिवल 2025’ में राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद नई दिल्ली द्वारा सिंधी पुस्तकों का स्टाल नंबर 297 लगाया गया है। राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद नई दिल्ली के स्टाल पर उत्साहपूर्वक संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संविधान की जानकारी देने हेतु नगर के गणमान्य लेखकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष घनश्याम कुकरेजा ने की।
रिजव्ह बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक राजेश आसूदानी ने कहा कि भारतीय संविधान कठोरता एवं लचीलेपन का मिश्रण है। संविधान की आठवीं सूची में शामिल भाषाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने की ज़रूरत है। सिंधी भाषा को संविधान में 15 वीं भाषा के रुप में 10 अप्रेल 1967 को शामिल किया गया। इसके पश्चात् सिंधी भाषा के विकास की दिशा में अनेक कार्य किये गए हैं।
सिंधी, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के प्रसिद्ध लेखक डॉ. विनोद आसूदानी ने संविधान के मौलिक अधिकारों एवं राज्य के नीति निर्देशक सिंद्धांतो पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान नागरिकों को समानता और स्वतंत्रता जैसे मौलिक अधिकार प्रदान करता है। समाजवाद केवल कागज़ो तक सीमित नहीं रहना चाहिये बल्कि इसे ज़मीनी हकीकत बनाना समय की आवश्यक्ता है।
कार्यक्रम अध्यक्ष घनश्याम कुकरेजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत एक स्वायतशासी संस्था है जो सिंधी भाषा के विकास हेतु अनेक गोष्ठियों का आयोजन करती है। परिषद लेखकों को प्रोत्साहित करने हेतु उनकी पांडुलिपियों की पुस्तकें छपाने जैसी अनेक योजनाएं क्रियान्वित करती है।
राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद की उपनिदेशक रीना सीरवानी ने समाज बंधुओं से सिंधी पुस्तकों के स्टाल पर आने का आव्हान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ कलाकार एवं लेखक किशोर लालवानी ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कलाकार गुरमुख मोटवाणी, गिरधारी गुरनानी, राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज यूनिवर्सिटी के हिंदी विभाग में असिस्टंट प्रोफेसर दामोदर द्विवेदी, अजय और पिंटू प्रमुख रुप से उपस्थित थे।
