सफल पुनर्वास : संजीवनीमाला परिवार का मानवता भरा प्रयास
https://www.zeromilepress.com/2025/11/blog-post_87.html
नागपुर। खापरखेड़ा स्थित संजवनीमाला फाउंडेशन अंतर्गत संचालित संजीवनी माला वृद्धाश्रम, खापरखेड़ा में बीते दिनों जलालखेड़ा पुलिस स्टेशन द्वारा एक मानसिक रूप से अस्थिर महिला उर्मिला देवेंद्र राजपूत को लाया गया था। लगभग दो माह तक लापता रहने के कारण परिवार से उसका संपर्क टूट चुका था और पुलिस भी गंभीर चिंता में थी।
आश्रय मिलने के बाद आश्रम परिवार ने उर्मिला को मां - बाप की तरह संभाला। उपचार किया, दवाइयाँ दीं, काउंसलिंग की और उसके टूटे मन को प्रेम और विश्वास का सहारा दिया। धीरे-धीरे वह फिर मुस्कुराने लगी।
स्वास्थ्य सुधरा, व्यवहार सामान्य होने लगा और सबसे बड़ी बात - उसे फिर से जीने की इच्छा लौट आई।
संजावनीमाला फाउंडेशन अंतर्गत संजीवनी माला वृद्ध आश्रम से उर्मिला देवेंद्र राजपूत को सभी कानूनी औपचारिकताओं के साथ सुरक्षित रूप से उनके परिवार के सुपुर्द किया गया।
जब उर्मिला जलालखेड़ा पुलिस स्टेशन से हितेशदादा बंसोड द्वारा संजीवनी माला वृद्ध आश्रम पुनर्वासन के लिए लाई गई थी तब हमने पोस्ट शेयर किया था ताकि उसका घर मिल सके वह मानसिक रूप से बीमार थी। संजीवनी माला वृद्ध आश्रम में उसका उचित इलाज किया गया वह अच्छी हो गई और नॉर्मल होकर ठीक होकर खुशी और तंदुरुस्ती से सकुशल घर झांसी पहुंच गई है।
यह हमारे लिए गर्व और खुशी का क्षण है। इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग देने वाले करेरा झांसी पुलिस एसपी टीम सभी अधिकारी, और शुभचिंतकों का हृदय से धन्यवाद। आपके अमूल्य योगदान से यह प्रक्रिया सहज और सफल हो सकी। हम आगे भी ज़रूरतमंदों को सम्मान और सुरक्षा के साथ उनके परिवार तक पहुँचाने हेतु समर्पित रहेंगे।
सभी कानूनी कार्यवाहियों के पश्चात, करेरा (झांसी) पुलिस के सहयोग से उर्मिला को सुरक्षित रूप से उसके परिवार को सौंप दिया गया। आज वह अपने बच्चों के साथ फिर से घर में है। यह दृश्य आश्रम परिवार के लिए अत्यंत भावुक करने वाला रहा।
संजवनीमाला फ़ाउंडेशन द्वारा पिछले 5 वर्षों में अब तक 20 मानसिक रुप से अस्वस्थ - भटकी हुई महिलाओं को चिकित्सा सहायता, काउंसलिंग, सुरक्षा और नि:शुल्क पुनर्वास प्रदान कर सुरक्षित रूप से उनके घर पहुँचाया गया है। हर बार, न कोई शुल्क न कोई दिखावा सिर्फ मानवता।
संस्था की अपील है कि किसी भी परिस्थितियों में किसी भी महिला या व्यक्ति को सड़कों पर न छोड़ें, संस्था तत्पर है सहायता हेतु। समाज में मदद का हाथ बढ़ाने वाले सभी शुभचिंतकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

