Loading...

लोक की अस्मिता है साहित्य : प्रो. शैलेन्द्र शर्मा


नागपुर। साहित्य का लोकवृत्त मानव सभ्यता की पहचान कराता है। उसके दायरे में मानव समाज की गति -प्रगति का प्रत्येक चरण अंकित होता है। वास्तव में लोक ही साहित्य और समाज की अस्मिता है। लोक की पहचान के बगैर समाज का अस्तित्व अधूरा है। यह बात सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कही। 


वे हिन्दी विभाग, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय द्वारा निराला जयंती और बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में आयोजित विशिष्ट व्याख्यान में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि निराला का साहित्य हमारे लोक की चेतना का साहित्य है। उन्होंने लोक के अनेक रूपों का जीवंत चित्रण किया है। यही नहीं, भारतीय भाषाओं में लिखित लोक साहित्य का स्वर पूरे राष्ट्र में एक सा सुनाई पड़ता है। क्योंकि भारतीय लोक की संवेदना एक जैसी है। उसका भावबोध भारतीयता की संकल्पना में रचा-बसा है। उसकी प्रकृति पूरे राष्ट्र में एक चेतना से परिचालित है।

प्रास्ताविक वक्तव्य में हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि लोक ही साहित्य की बुनियाद है। लोक- समाज की चिंता ही साहित्य का मूल विषय है। लोक ही रचना का जीवद्रव्य है। साहित्य की कसौटी लोकवृत्त की परख पर केंद्रित है। इस अवसर पर विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के राजभाषा अधिकारी सत्येन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि निराला का साहित्य भारतीय समाज की चिताओं का प्रतिपादक है। 

भाषा विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र कुमार ने चर्चा में भाग लेते हुए लोक को साहित्य की चिंता का केंद्र बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुमित सिंह ने और आभार प्रदर्शन डॉ. जागृति सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रा. कुंजनलाल लिल्हारे, प्रा. दामोदर द्विवेदी, प्रा. विनय उपाध्याय सहित अनेक शोधार्थी, विद्यार्थी उपस्थित थे।
समाचार 3501785753887424650
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list