नागपुर में होगा महाराष्ट्र ज्ञान सभा का आयोजन
https://www.zeromilepress.com/2026/01/blog-post_32.html
नागपुर। महाराष्ट्र में ज्ञान सभा के आयोजन के संबंध में विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, नागपुर में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी भाई जी की विशेष उपस्थिति में बैठक सम्पन्न हुई। यह सुनिश्चित किया गया कि ४-५अप्रैल २०२६ को ज्ञान सभा का आयोजन नागपुर में किया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आलोक में विकसित महाराष्ट्र और शिक्षा संस्थानों की भूमिका ज्ञान सभा का मुख्य उद्देश्य है। इसमें महाराष्ट्र के सभी विश्वविद्यालयों, उच्च एवं विद्यालयीन शिक्षा संस्थानों की सहभागिता होगी। विदर्भ अंचल की शैक्षणिक संस्थाओं पर विशेष बल दिया जाएगा।
कौशल विकास और उद्योग जगत की अपेक्षानुरूप शैक्षिक पाठ्यक्रमों की संरचना एवं शिक्षा से समग्र व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन पर दो-दिवसीय आयोजन में चर्चा - चिंतन किया जाएगा। बैठक में राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. मनाली क्षीरसागर, गोंडवाना विश्वविद्यालय, गढ़चिरौली के कुलगुरु प्रो. प्रशांत बोकारे,
भारतीय प्रबंधन संस्थान के निदेशक प्रो. भीमराय मैत्री एवं विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक प्रो. प्रेमलाल पटेल के साथ शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की महिला कार्य विभाग की राष्ट्रीय संयोजिका एवं महाराष्ट्र प्रभारी शोभाताई पैठणकर, गोंडवाना विश्वविद्यालय के प्र-कुलगुरु डॉ. कावळे एवं चारों संस्थाओं के प्रतिनिधि प्राध्यापक उपस्थित थे।
न्यास के विदर्भ प्रांत के संयोजक डॉ. मनोज पाण्डेय ने बताया कि विदर्भ के चार शैक्षिक संस्थानों राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय, गोंडवाना विश्वविद्यालय, भारतीय प्रबंधन संस्थान, विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के साथ शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन सम्पन्न होगा।
