अयोध्या प्रसाद सिंह की पुस्तक 'व्यथित की व्यथा की दुनिया' का भव्य लोकार्पण
नागपुर। प्रसिद्ध साहित्यकार एवं पूर्व संयुक्त महाप्रबंधक, आयुध निर्माणी, नागपुर अयोध्या प्रसाद सिंह द्वारा रचित काव्य-संग्रह ‘व्यथित’ की व्याख्याओं पर आधारित पुस्तक 'व्यथित की व्यथा की दुनिया' का भव्य लोकार्पण समारोह नागपुर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस भव्य लोकार्पण समारोह की परिकल्पना कवि महोदय की पुत्रवधू डॉ. दीपा सिंह की रही पिता के लिए तो बेटियां बहुत करतीं है परंतु पुत्रवधू ससुर के लिए करते बिरले ही मिलते हैं। एक खूबसूरत उदाहरण दीपा जी ने समाज के समक्ष पेश किया ।
कार्यक्रम का प्रारंभ कवि अयोध्या प्रसाद सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष में गुरू जी के आशीर्वचनो से शुरू हुआ। श्री अयोध्या प्रसाद सिंह की पाद्य पूजन, सुवासिनियों द्वारा आरती, माल्यार्पण और केक काटकर अभिनंदन किया गया।
इस लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा, कुलपति, डीम्ड यूनिवर्सिटी, कराड़ ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के स्वरूप डॉ. लोकेन्द्र सिंह, निदेशक, सिम्स हॉस्पिटल, नागपुर उपस्थित रहे। मां सरस्वती वंदना के साथ मान्यवरों द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया। कार्यक्रम के संचालक वरिष्ठ साहित्यकार श्री अविनाश बागड़े जी रहे गणमान्य अतिथियों का परिचय तेजल और मालोकर जी द्वारा दिए गए। समीक्षक स्वरूप साहित्यकार डॉ. स्वर्णिमा सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने पुस्तक के साहित्यिक, भावनात्मक एवं सामाजिक पक्षों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए इसे समकालीन साहित्य में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा ने कहा कि ‘व्यथित’ काव्य-संग्रह मानवीय संवेदनाओं, पीड़ा और यथार्थ का सशक्त चित्रण करता है, वहीं “व्यथित की व्यथा की दुनिया” उन भावों की गहन व्याख्या प्रस्तुत करती है। मुख्य अतिथि डॉ. लोकेन्द्र सिंह ने साहित्य को समाज का दर्पण बताते हुए इस कृति को विचारोत्तेजक बताया साथ ही कार्यक्रम को आज के पारिवारिक परिवेश के लिए संस्कार और भावना का जीता-जागता उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के अंत में लेखक अयोध्या प्रसाद सिंह का सम्मान किया गया। इस भव्य समारोह का आयोजन सिंह परिवार की ओर से किया गया परन्तु डॉ दीपा जी की परिकल्पना को मूर्तरुप देने और साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान डॉ नीतू सिंह जी का रहा। बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्री अरविन्द सिंह जी ने सभी का आभार ज्ञापित किया।