भव्य काव्य सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में प्रवीण बागड़े सम्मानित
https://www.zeromilepress.com/2026/02/blog-post_2.html
नागपुर। कविता केवल सौंदर्य की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना को जागृत करने का सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य को लेकर संगमनेर प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित ‘महोत्सव कविताओं’ के अंतर्गत भव्य काव्य सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में नागपुर के साहित्यकार-कवि प्रवीण बागड़े तथा प्रभाकर सोमकुवर को सम्मानित किया गया। यह साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन रविवार, 1 फरवरी 2026 को श्री कचेश्वर देवस्थान मंदिर, बोटा, तहसील संगमनेर, जिला अहिल्यानगर में संपन्न हुआ। सम्मेलन में संगमनेर, राहुरी, पारनेर, जुन्नर, नागपुर और अकोला से चयनित कवि, साहित्यकार, विचारक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि ‘आधुनिक गाडगेबाबा’ के रूप में प्रसिद्ध डॉ. हरिभाऊ उगले थे, जबकि स्वागताध्यक्ष के रूप में कृषि उपसंचालक श्री प्रविण गवांदे उपस्थित रहे। काव्य सत्र में प्रवीण बागड़े ने सामाजिक यथार्थ पर आधारित संवेदनशील एवं प्रभावशाली कविता ‘असत्य कथा’ का पाठ किया। सामाजिक विषयों पर सशक्त प्रस्तुति, प्रखर शब्दशैली और परिवर्तनकारी दृष्टिकोण के कारण उनकी कविताएँ श्रोताओं एवं पाठकों के बीच विशेष सराहना प्राप्त कर रही हैं। उनकी सहभागिता से ‘महोत्सव कविताओं’ की साहित्यिक गरिमा और अधिक बढ़ी है।इस महोत्सव का उद्देश्य कविता के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैलाना तथा नवोदित साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु गौतम वाघमारे, निवृत्ती कानवडे महाराज, प्रताप गुंजाळ, नवनाथ सरोदे एवं रवि काशिद ने विशेष योगदान दिया।
