सावनेर के मूक-बधिर विद्यालय में पूर्णब्रह्म अभियान का वर्धापनोत्सव
https://www.zeromilepress.com/2026/03/blog-post_39.html
साढ़े छह क्विंटल खाद्य सामग्री का वितरण
नागपुर। ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान द्वारा संचालित पूर्णब्रह्म अभियान के चौथे वर्धापनोत्सव के अवसर पर सावनेर स्थित मूक-बधिर आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों के भोजन हेतु साढ़े छह क्विंटल अन्नधान्य एवं अन्य खाद्य सामग्री प्रदान की गई। संस्था के सचिव नानासाहेब समर्थ ने विद्यार्थियों की ओर से यह सामग्री स्वीकार करते हुए ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान के सचिव डॉ. राजू मिश्रा ने बताया कि निराश्रित एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों के भोजन की व्यवस्था के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए पूर्णब्रह्म अभियान को आज तीन वर्ष पूरे हो गए हैं। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक (नमक सत्याग्रह) दांडी यात्रा के शुभारंभ दिवस का मुहूर्त साधते हुये, हमने 12 मार्च 2023 को मात्र तीन हजार रुपये के अन्नधान्य से इस अभियान की शुरुआत की गई थी।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि समय के साथ इस अभियान को समाज का व्यापक सहयोग मिल रहा है। वर्तमान में वृद्धाश्रमों, दिव्यांगों तथा अनाथ बच्चों के आवासीय विद्यालयों सहित 27 स्थानों पर नियमित रूप से अन्नधान्य और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को डायपर, वॉकर, व्हीलचेयर, फोल्डिंग कमोड, मेडिकल बेड तथा आश्रमों को टीवी, फ्रिज, बर्तन, गद्दे और चादर आदि सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं और ज्येष्ठ नागरिक मंडलों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं प्रस्तावना संस्था के सचिव नानासाहेब समर्थ ने की। इस अवसर पर विद्यालय की समन्वयक एवं वाचा विशेषज्ञ दुर्गाताई चेडे, प्रधानाचार्या सुवर्णाताई महाशब्दे, विद्यालय के शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारी तथा पूर्णब्रह्म अभियान के संयोजक सुरेश उरकुडे, प्रा. विजय पुंडकर, पुरुषोत्तम शेंडे, वासुदेवसिंह निकुंभ, प्रभाकर डोकरीमारे, देविदास आगरकर और एड. किरण मोहिते उपस्थित थे।
