सोलह सिंगार करेगी जरीपटका
https://www.zeromilepress.com/2026/03/blog-post_96.html
झूलेलाल जन्मोत्सव पर 20 से त्रिदिवसीय कार्यक्रम
नागपुर। सिंधु सभा की ओर से इष्टदेव वरुणावतार झूलेलाल के जन्मोत्सव ‘चेट्रीचंड्र’ पर जरीपटका स्थित झूलेलाल पार्क में 20, 21 और 22 मार्च को त्रिदिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उल्लेखनीय है कि तीनों दिन समृद्ध सिंधी संस्कृति पर आधारित विशेष कार्यक्रमों के कारण इस महोत्सव की ख्याति विश्व भर में फैल गई है. देश के कोने कोने से आबाल-वृद्ध आनंद उठाने आते हैं. इस दौरान जरीपटका सहित आसपास के इलाकों का नई नवेली दुल्हन की तरह सिंगार किया जाता है. नयनरम्य विद्युत सजावट चंद्रमा की छटा बिखेरती है. देश-विदेश के कलाकारों की प्रस्तुति थिरकने को मजबूर कर देती है.
प्रतिदिन महाआरती, महाप्रसाद एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से सिंधी समाज इष्टदेव वरुणावतार झूलेलाल के प्रति आस्था का प्रदर्शन करता है. चटपटे व्यंजनों के स्टाल, बच्चों के लिए इलेक्ट्रॉनिक झूले तथा अन्य मनोरंजक साधन खास तौर पर आकर्षित करते हैं. वरिष्ठ समाजसेवी व सिंधु सभा के राष्ट्रीय संरक्षक घनश्याम कुकरेजा के मार्गदर्शन में प्रमुख संयोजक वीरेन्द्र कुकरेजा, कार्यकारी संयोजक सतीश आनंदानी, कोषाध्यक्ष राजेश बटवानी सहित सह-संयोजक सागर आहूजा, पंकज दीवानी, मनीष दासवानी तथा राशि वासवानी सफलतार्थ जुटे हुए हैं.
