Loading...

हिट वेव उत्सव


नागपुर में इस बार गर्मी ने दस्तक क्या दी, मानो 'हिट वेव उत्सव' का शुभारंभ हो गया। मौसम विभाग ने बड़े सलीके से चेतावनी जारी की कि साहब, लू चलने वाली है। उधर देश के आधे हिस्से में आंधी-तूफान की चेतावनी भी साथ में परोस दी गई, ताकि मौसम भी संतुलित लगे। इधर हमारे प्रशासन ने भी तत्परता दिखाते हुए स्कूल, कॉलेज, ट्यूशन क्लासेस और आंगनवाड़ी को छुट्टी घोषित कर दी, मानो गर्मी नहीं, कोई राष्ट्रीय पर्व आ गया हो।

वैसे नागपुर के लिए 47 डिग्री तापमान कोई नई बात नहीं है। हर साल पारा चढ़ता है, लोग पिघलते हैं, और जिंदगी अपने ढर्रे पर चलती रहती है। लेकिन इस बार कुछ अलग है। इस बार व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी सक्रिय हो चुकी है। हर ग्रुप में 'नागरिक सावधान' के संदेश ऐसे घूम रहे हैं जैसे किसी उत्सव का निमंत्रण हो। नेता, अभिनेता, सामाजिक संगठन, और आम नागरिक- सभी इस संदेश को आगे बढ़ाने में जुटे हैं। ऐसा लग रहा है मानो जिसने सबसे ज्यादा मैसेज फॉरवर्ड किए, वही असली जिम्मेदार नागरिक घोषित होगा।

ग्रुप में संदेश डालते ही एक अद्भुत संतोष की अनुभूति होती है- जैसे समाज सेवा का एक बड़ा काम निपटा लिया हो। 'पानी पिएं, धूप में न निकलें' जैसे उपदेशों की बौछार हो रही है, और हर कोई खुद को जनजागरण का योद्धा समझ रहा है। पर कोई यह पूछने की जहमत नहीं उठाता कि आखिर यह हिट वेव हर साल इतनी तीव्र क्यों होती जा रही है? शहर में पेड़ क्यों कम हो रहे हैं? कंक्रीट के जंगल क्यों बढ़ रहे हैं? और योजनाएं कागजों से बाहर क्यों नहीं निकल पातीं?

लेकिन यह सवाल पूछना भी शायद अब गैरजरूरी हो गया है। क्योंकि चिंतन करना आम नागरिक का काम नहीं रहा। वह जिम्मेदारी तो हमारे ज्ञानी नेता और सक्षम अधिकारियों के पास सुरक्षित है। आम आदमी का काम है- मैसेज पढ़ना, फॉरवर्ड करना और अगली चेतावनी का इंतजार करना।

खैर, जो भी हो, हम उत्सवप्रिय लोग हैं। मौका कोई भी हो- ठंड का, बारिश का या फिर भीषण गर्मी का हम उसे उत्सव में बदल ही देते हैं। इस बार 'हिट वेव उत्सव' है, अगली बार शायद 'जल संकट महोत्सव' भी आ जाए। तब तक के लिए, कृपया पानी पीते रहें, मैसेज फॉरवर्ड करते रहें, और जिम्मेदार नागरिक होने का आनंद उठाते रहें।

- डॉ प्रवीण डबली, (वरिष्ठ पत्रकार)
   नागपुर, महाराष्ट्र 
   
व्यंग 2519977706384197034
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list