मातृ दिवस के अवसर पर ‘जननी संरक्षण’ कार्यक्रम का आयोजन
https://www.zeromilepress.com/2026/05/blog-post_323.html
नागपुर/पटना। माई छोटा स्कूल, जगनपुरा, पटना में मातृ दिवस के पावन अवसर पर पर्यावरण केंद्रित “जननी संरक्षण” विषयक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जीवनधारा नमामि गंगे (NMCG) एवं माई छोटा स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. गोपाल शर्मा (निदेशक, डॉल्फिन रिसर्च सेंटर, पटना) ने अपने संबोधन में कहा कि माँ केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि संस्कारों की प्रथम गुरु होती हैं। उन्होंने मातृत्व, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माई छोटा स्कूल की डायरेक्टर दीपा रानी ने की। उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति का सम्मान करना प्रत्येक समाज का नैतिक दायित्व है तथा बच्चों में संस्कार और संवेदनशीलता का विकास आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि डॉ. रजनी प्रभा (राष्ट्रीय महासचिव, जीवनधारा नमामि गंगे) ने माताओं के योगदान को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए पर्यावरण संरक्षण को “माँ प्रकृति” की रक्षा से जोड़ा।
इस अवसर पर डॉ. अभय कुमार (अध्यक्ष, नमामि गंगे पटना जिला) ने जननी और जन्मभूमि को स्वर्ग से भी महान बताते हुए इसके संरक्षण हेतु आग्रह किया। दोनों अतिथियों ने मातृ सम्मान, स्वच्छ पर्यावरण एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, मातृ सम्मान कार्यक्रम एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में माताओं के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं प्रकृति संरक्षण की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में प्रियंवदा मिश्रा, प्रियंका, भवानी शारदे, सोनी सिन्हा, प्रीति कुमारी, श्वेता रश्मि, शुभम रंजन,भावना भव्या,शिवानी कुमारी, रौशनी कुमारी के साथ विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। अंत में कार्यक्रम में पधारे सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन माई छोटा स्कूल के डायरेक्टर प्रभाकर कुमार ने किया।
