कलमेश्वर से बुटीबोरी रेलवे कॉरिडोर का करे निर्माण : किशोर कन्हेरे
https://www.zeromilepress.com/2026/05/blog-post_348.html
महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दिया निवेदन
नागपुर। महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष किशोर कन्हेरे ने नागपुर जिले के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास हेतु कलमेश्वर से बुटीबोरी रेलवे कॉरिडोर निर्माण करने हेतु निवेदन किया है।
सविनय निवेदन है कि नागपुर जिला विदर्भ क्षेत्र का औद्योगिक, व्यावसायिक तथा परिवहन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जिला है तथा आने वाले समय में राज्य की औद्योगिक प्रगति में इस क्षेत्र की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने वाली है। राज्य शासन द्वारा उद्योगवृद्धि के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के कारण नागपुर परिसर में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। इस पृष्ठभूमि में कलमेश्वर से बुटीबोरी रेलवे कॉरिडोर का निर्माण समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गया है।
इस रेलवे कॉरिडोर के निर्माण से नागपुर जिले के कलमेश्वर, हिंगणा, गोंडखैरी तथा बुटीबोरी एमआईडीसी क्षेत्रों को प्रत्यक्ष एवं प्रभावी रेल संपर्क उपलब्ध होगा। वर्तमान परिस्थितियों में औद्योगिक मालवाहतूक मुख्यतः सड़क परिवहन पर निर्भर होने के कारण उद्योगों को परिवहन खर्च, समय की देरी तथा लॉजिस्टिक प्रबंधन संबंधी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे कॉरिडोर बनने से माल परिवहन हेतु एक वैकल्पिक, तेज तथा कम खर्चीली सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उद्योगों को बड़ा लाभ प्राप्त होगा।
साथ ही महाराष्ट्र शासन के महत्त्वाकांक्षी समृद्धि महामार्ग से इस रेलवे कॉरिडोर की जोड़णी होने पर नागपुर जिला देश के प्रमुख औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक केंद्र के रूप में विकसित होने में बड़ी सहायता मिलेगी। बुटीबोरी, कलमेश्वर तथा गोंडखैरी में प्रस्तावित लॉजिस्टिक हब, वेयरहाउसिंग प्रकल्प, ड्राय पोर्ट, कोल्ड स्टोरेज तथा निर्यात केंद्रों की स्थापना को गति मिलेगी। इससे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के निवेशकों को इस क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने हेतु प्रोत्साहन प्राप्त होगा।
इस रेलवे कॉरिडोर से निम्नलिखित महत्त्वपूर्ण लाभ हो सकते हैं :
• बुटीबोरी, हिंगणा एवं कलमेश्वर औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योगों को प्रत्यक्ष रेलवे सुविधा उपलब्ध होगी।
• औद्योगिक मालवाहतूक का खर्च कम होकर उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी।
• नए उद्योग, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक पार्क एवं व्यापार केंद्रों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा।
• हजारों युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
• नागपुर जिले का औद्योगिक एवं आर्थिक विकास अधिक गति से होगा।
• सड़क परिवहन पर दबाव कम होकर प्रदूषण में कमी लाने में सहायता मिलेगी।
• समृद्धि महामार्ग, एमआईडीसी तथा रेलवे नेटवर्क की एकीकृत जोड़णी विकसित होगी।
• भविष्य में नागपुर मेट्रो का विस्तार कलमेश्वर एवं गोंडखैरी तक करने में भी सहायता मिल सकती है।
नागपुर देश के मध्यभाग में स्थित होने के कारण राष्ट्रीय स्तर पर मालवाहतूक, कंटेनर ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक श्रृंखला तथा औद्योगिक निवेश के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा नागपुर को फ्यूचर ग्रोथ सेंटर के रूप में विकसित करने का उद्देश्य निर्धारित किया गया है, इसलिए इस रेलवे कॉरिडोर का निर्माण दीर्घकालीन विकास की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष किशोर कन्हेरे ने कलमेश्वर से बुटीबोरी रेलवे कॉरिडोर के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार कर जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही करने का निवेदन किया है।
