बच्चों को सीखाना है कि नई टेक्नोलॉजी का उपयोग करें दुरुपयोग नहीं : शेष साहू
https://www.zeromilepress.com/2026/05/blog-post_6875.html
उभरते सितारे मे 'रिश्तो का महत्व'
नागपुर। उभरते सितारे मंच पर बच्चों का कॉन्फिडेंस देखने को मिलता है। हमें टेक्नोलॉजी के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। पहले टीवी का जमाना था, अब मोबाइल का जमाना है। बच्चों को हमें यह सीखाना है की, नई टेक्नोलॉजी का हमें उपयोग करना है। इसका दुरुपयोग बिल्कुल नहीं करना है। आज दुरुपयोग ज्यादा हो रहा है। इसे उदाहरण के तौर पर समझते हैं, जैसे चॉकलेट या जंक फूड की तरह समझिए। यह ज्यादा खाएंगे तो तकलीफें बढ़ेगी। टेक्नोलॉजी भी बिलकुल वैसी ही है। ज्यादा अपने आप पर हावी होने दोगे तो, आपकी तबीयत खराब होगी। इसीलिए जरूरी है की, कुछ समय निकालकर अपने मम्मी डैडी, दादा दादी, नाना नानी के साथ बिताया जाए, उनसे बातचीत की जाए। आज 4 लोग साथ मिलते भी हैं तो मोबाइल पर गेम खेलने लग जाते हैं। रिश्तो को रिचार्ज करना बहुत जरूरी है। यह विचार शेष साहू ने बच्चों और उनके अभिभावकों से कहा।
विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन का नवोदित प्रतिभाओं को समर्पित उपक्रम 'उभरते सितारे' का आयोजन हिंदी मोर भवन के उत्कर्ष हॉल में किया गया। कार्यक्रम का विषय 'रिश्तो का महत्व' पर आधारित शिक्षाप्रद, ज्ञानवर्धक और संगीतमय प्रस्तुतियों से भरा रहा। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में डिलाइट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के ट्रांसफार्मेशन मैनेजर शेष राजेंद्र साहू उपस्थित थे। इनका सम्मान संयोजक युवराज चौधरी और सहसंयोजिका वैशाली मदारे ने स्वागत वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर किया।
तत्पश्चात, सभी बच्चों ने भी 'रिश्तो का महत्व' विषय पर सुंदर विचार रखते हुए शानदार नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। जिसमें, अनुश्री टाले, आरोही पोपलवार, सुकन्या तरार, अलिशा खोब्रागड़े, त्रिशिका वाघमारे, जिनीषा भोजवानी, आदित मिंज, सुतिक्ष रामटेके, राम बागल ने शानदार गीतों की प्रस्तुति दी। श्री बागल ने शानदार नृत्य कर सबको प्रभावित किया।
बच्चों की प्रस्तुतियों को उनके अभिभावकों के साथ- साथ डॉ. हर्षानंद पोपलवार, रंजना साहू, प्रीति बागल, गीता सुरेश मिंज, संगीता जवाहर तरार, सीमा लूहा, शिवानी लूहा, स्नेहा रामटेक आदि ने बहुत सराहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन सहसंयोजिका वैशाली मदारे ने किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रशांत शंभरकर ने सहयोग किया। तथा, उपस्थित सभी दर्शकों, कलाकारों और बच्चों का आभार संयोजक युवराज चौधरी ने व्यक्त किया।


