शिवम चन्द्रवंशी बने युवाओं के प्रेरणास्रोत
https://www.zeromilepress.com/2026/06/blog-post_317.html
नागपुर/मुजफ्फरपुर। बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर जिले के युवा रंगकर्मी, अभिनेता, निर्देशक एवं सांस्कृतिक कर्मी शिवम चन्द्रवंशी आज संघर्ष, प्रतिभा और विनम्रता की मिसाल बन चुके हैं। एक साधारण परिवार में जन्मे शिवम ने आर्थिक अभावों के बीच पिता के साथ ठेले पर काम करते हुए अपने सपनों को जीवित रखा और कला के क्षेत्र में निरंतर मेहनत कर अपनी अलग पहचान बनाई। बचपन से अभिनय, नृत्य और रंगमंच के प्रति रुचि रखने वाले शिवम ने विभिन्न नाटकों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य किया। उनके निर्देशन में प्रस्तुत "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" तथा रामायण जैसे नाटकों को व्यापक सराहना मिली।
मुंबई में संघर्षपूर्ण दौर से गुजरने के बाद उन्होंने मुजफ्फरपुर लौटकर कला और संस्कृति के क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ कार्य शुरू किया। वर्तमान में वे "आध्यात्म कला आश्रम एंड फिल्म प्रोडक्शन" के संस्थापक हैं तथा अभिनय, नृत्य, संगीत, एंकरिंग और अन्य कलाओं के प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को मंच प्रदान कर रहे हैं। 100 से अधिक सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त कर चुके शिवम चन्द्रवंशी अपनी विनम्रता, सामाजिक सरोकारों और कला के प्रति समर्पण के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों को सफलता में बदल सकता है।
