साई इंटरनेशनल स्कूल में इको ड्राइव का शुभारंभ
https://www.zeromilepress.com/2026/07/blog-post_05.html
नागपुर/रामटेक। प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम साई इंटरनेशनल स्कूल, शीतलवाड़ी, रामटेक में यूएसओ क्लब के बैनर तले इको ड्राइव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय द्वारा इको क्लब का गठन किया गया तथा महाराष्ट्र कृषि दिवस के अवसर पर, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री वसंतराव नाईक की स्मृति को समर्पित वन महोत्सव का आयोजन किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र मिश्रा ने विशेष प्रार्थना सभा में वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया। इको क्लब के सभी सदस्यों ने वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने घरों से पौधे लाकर विद्यालय परिसर में उनका रोपण किया।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला, पेंटिंग, पोस्टर निर्माण तथा लेखन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राचार्य राजेंद्र मिश्रा ने इको क्लब के सभी सदस्यों से अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाकर उसे संरक्षित करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। डॉ. वी. बी. नागपुरे ने विद्यालय के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं।
