100 जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाया दीपावली मिलन समारोह
प्राचीन श्री शिव मंदिर एवं COMHAD UK की पहल से बच्चों के चेहरों पर खिली खुशियों की रोशनी
नागपुर। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने का नहीं, बल्कि प्रेम, अपनत्व और खुशियां बांटने का भी संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए प्राचीन श्री शिव मंदिर दीपावली मिलन आयोजन समिति एवं कॉमनवेल्थ एसोसिएशन फॉर हेल्थ एंड डिसेबिलिटी (COMHAD UK) के संयुक्त तत्वावधान में बेलिशॉप रेलवे कॉलोनी, कामठी रोड स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर परिसर में 100 जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली मिलन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के विधायक डॉ. नितिन राऊत एवं विधायक संजय भेंडे उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने की।
विशेष अतिथि के रूप में COMHAD UK के कार्यकारी निदेशक डॉ. उदय बोधनकर, आंध्र एसोसिएशन के अध्यक्ष पी. एस. एन. मूर्ति, दिल्ली से पधारे Sarkaritel.com के मुख्य संपादक अमेय साठे, विजय गुप्ते, नगरसेवक अभिषेक शंभरकर, नगरसेवक गौतम अंबादे, उमेश चौकसे, सरदार नवनीत सिंह तुली, डॉ. संजय मालवीय, जगदीश गुप्ता, डॉ. कलवानी, प्रकाश माहुले, जालान एवं दीपक बागड़ी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित थे।
समारोह में अनाथ सेवा आश्रम के बालक- बालिकाओं, जिव्हाळा परिवार की बालिकाओं तथा प्रागतिक माध्यमिक विद्यालय, कोराडी की फुटबॉल खेलने वाली छात्राओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। आयोजन के दौरान सभी बालिकाओं को दो-दो जोड़ी नए कपड़े भेंट किए गए। वहीं, फुटबॉल खेलने वाली छात्राओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फुटबॉल शूज प्रदान किए गए। COMHAD UK की ओर से बच्चों को मिठाई वितरित की गई, जबकि विभिन्न सहयोगियों एवं दानदाताओं ने बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सामग्री भेंट की।
बच्चों के लिए आयोजित विशेष आतिशबाजी शो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी देखकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। बच्चों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और सभी ने मिलकर स्नेहभोज का आनंद लिया। इस आत्मीय आयोजन ने बच्चों को केवल उपहार ही नहीं, बल्कि परिवार जैसा अपनापन और सामूहिक उत्सव की सुखद अनुभूति भी प्रदान की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने बच्चों के साथ दीपावली मनाकर सामाजिक सहभागिता, संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया।
आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के प्रवीण डबली, पंडित कृष्णमुरली पांडे, पी. सत्याराव, प्रकाशराव (गुंडुराव), जुगलकिशोर शाहू, प्रेमलाल यादव, सी. राजाराव, पी विजय, श्रीकांत रॉय, गणेश कोतुलवार, जी. एन. पटनायक, सोनू, पुष्पा नागोत्रा, शशि यादव, पी. कन्याकुमारी, सरला बैस, पद्मा राव, सुशीला यादव का विशेष योगदान रहा। इनके साथ ही सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों, दानदाताओं एवं शुभचिंतकों ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान किया।
आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के जरूरतमंद बच्चों तक भी खुशियों का उजाला पहुंचे। बच्चों की मुस्कान ही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
