हावरापेठ में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती उत्साहपूर्वक मनाई
नागपुर। हावरापेठ नागपुर मित्र परिवार की ओर से क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में समाज भवन, हावरापेठ में बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम बाबू चौधरी ने की। इस अवसर पर श्याम बाबू चौधरी एवं गजेंद्र मडावी के हस्ते भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
भगवान बिरसा मुंडा भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महान आदिवासी क्रांतिकारी, समाज सुधारक एवं जननायक थे। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजों की अन्यायपूर्ण सत्ता के विरुद्ध आदिवासी समाज को संगठित कर संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन जैसे आदिवासियों के मूलभूत अधिकारों के लिए उन्होंने एक महान जनआंदोलन खड़ा किया। उनके शौर्य, त्याग और संघर्ष के कारण उन्हें ‘धरती आबा’ के नाम से जाना जाता है।
मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में 9 जून 1900 को उनका निधन हो गया। उनकी जयंती के अवसर पर भारत सरकार ने 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित किया है। भगवान बिरसा मुंडा के क्रांतिकारी कार्यों और विचारों की विरासत आज भी समाज को प्रेरणा देती है। जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए उन्होंने जो संघर्ष किया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। ऐसे विचार श्याम बाबू चौधरी, गजेंद्र मडावी एवं मंगेश मोरे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए रखे।
कार्यक्रम का संचालन रमेश मेहर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दिनेश बांगडे ने किया। कार्यक्रम के अंत में मिठाई प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर संजय उईके, राजू इटनकर, बबलू वरठी, लक्ष्मण सातपुते, राजू गायकवाड, सोबीत गुप्ता, शिवम बांगडे सहित बड़ी संख्या में युवा मित्र उपस्थित थे।

