‘एक शाम ग़ज़ल के नाम’ में सजी शेर-ओ-सुख़न की महफ़िल
नागपुर। युगधारा फाउंडेशन, लखनऊ की महाराष्ट्र इकाई द्वारा रविवार, 15 नवंबर को हिंदी मोर भवन के साकेत सभागृह में ‘एक शाम ग़ज़ल के नाम’ कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामकृष्ण सहस्रबुद्धे ने की। मंच पर डॉ. तेजिंदर सिंह रावल, डॉ. शांतिलाल कोचर गोल्डी, राजेश पारख, केदार अभ्यंकर एवं अविनाश बागड़े उपस्थित थे।
दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। गायक एवं संगीतकार केदार अभ्यंकर ने गीत प्रस्तुत किया। काव्य संध्या में कंचन प्रजापति, एडवोकेट इब्राहिम बख्श आज़ाद, प्रो. मजीद बेग, मुगल शहज़ाद, माधव बोबड़े, एडवोकेट अब्दुल अमानी कुरैशी, लालजी आलम हथियावी, संतोष बादल, डॉ. शांतिलाल कोचर गोल्डी, शमशाद शाद, रमा वर्मा, डॉ. रामकृष्ण सहस्रबुद्धे एवं राजेश पारख ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
प्रमुख अतिथि डॉ. तेजिंदर सिंह रावल ने ग़ज़ल के इतिहास एवं साहित्यिक विकास पर विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने पर डॉ. शांतिलाल कोचर गोल्डी को काव्यात्मक सम्मान पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन अविनाश बागड़े ने किया तथा आभार एडवोकेट अब्दुल अमानी कुरैशी ने माना। साहित्य, ग़ज़ल और आपसी सौहार्द से सजी यह संध्या यादगार रही।

