वो अंगारों पर लेटा है, अपना भारत देश…!
बेहद सफल रहा कन्हान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
नागपुर/कन्हान। “वो अंगारों पर लेटा है, अपना भारत देश… अंधेर मचा है गली-गली, अंधियारा परिवेश!” वरिष्ठ हास्य-व्यंग्य एवं ओज कवि तथा दैनिक राष्ट्रप्रकाश के कार्यकारी संपादक सुदर्शन चक्रधर की इन ओजस्वी पंक्तियों ने श्रोताओं को वर्तमान भारत की परिस्थितियों से रूबरू कराते हुए खूब प्रभावित किया। मौका था भीम महोत्सव के अंतर्गत बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा को समर्पित कन्हान में आयोजित अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का। रिपब्लिकन सांस्कृतिक संघ के तत्वावधान में रविवार की शाम आंबेडकर चौक पर आयोजित यह कवि सम्मेलन बेहद सफल रहा। शाम 7 बजे शुरू हुआ काव्य समारोह देर रात 12 बजे तक पूरे उत्साह, उमंग और ठहाकों के बीच जारी रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ हास्य-व्यंग्य एवं ओज कवि सुदर्शन चक्रधर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
टीवी फेम ख्यातनाम श्रृंगार रस की राष्ट्रीय कवयित्री मंजुश्री पुष्प कारेमोरे के संयोजन में आयोजित इस अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नामचीन कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार और ओज रस से सराबोर किया। नागपुर के चर्चित गजलकार शादाब अंजुम ने अपनी व्यंग्य गजलों से खूब हंसाया। बालाघाट के हास्य कवि एवं गीतकार गोविंद ‘गांवठी’ ने अपने गीतों से मंच को गरिमा दी। डोंगरिया (बालाघाट) के हास्य कवि लक्ष्मीचंद ठाकरे ने ओपनिंग बैट्समैन की भूमिका निभाई। टीवी फेम हास्य-व्यंग्य-ओज कवि सुदर्शन चक्रधर ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही बटोरी। कवियों की एक से बढ़कर एक रचनाओं पर देर रात तक तालियों और ठहाकों की गूंज सुनाई देती रही।
इस कवि सम्मेलन का कुशल संचालन भोपाल (सीहोर) से पधारे प्रसिद्ध प्रबोधनकार एवं हास्य-व्यंग्य कवि शैलेश ‘शैल’ ने प्रभावशाली अंदाज में किया और अपने भीम-गीतों से मंच को खूब ऊंचाइयों तक पहुंचाया। कार्यक्रम की सफलता में रिपब्लिकन सांस्कृतिक संघ के संस्थापक अध्यक्ष चंद्रशेखर भीमटे का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए जो समर्पण, सक्रियता और प्रयास किए, वे अविस्मरणीय रहेंगे। भीम महोत्सव के वैचारिक उद्देश्य को साहित्य और कविता के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाने वाला यह आयोजन देर रात तक यादगार बना रहा। श्री भीमटे ने कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर की विचारधारा, सामाजिक चेतना और समतामूलक समाज के संदेश को समर्पित इस कवि सम्मेलन ने साबित किया कि कविता केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने और जनचेतना जागृत करने की सशक्त विधा भी है।
