अखबार पर गरम नाश्ता खाना बन सकता है बीमारियों की वजह
नागपुर। कई शहरों में अक्सर अख़बार के टुकड़े पर गरम नाश्ता रखकर दिया जाता है। कई दुकानदार समोसे और दूसरी तली हुई चीज़ों को अख़बार या छपे हुए पचों में लपेटकर भी देते हैं। वैसे तो खाने-पीने की ऐसी चीज़ों को आम तौर पर पत्तल या पत्तों से बनी चीज़ों में दिया जाता रहा है। पार्सल के लिए यही प्रक्रिया थी, मगर पिछले कुछ सालों में इसमें बड़ा बदलाव आया है। अब समोसे, पकौड़ी और ऐसी ही तली चीज़ों को परोसने के लिए भारी मात्रा में अख़बार उपयोग हो रहा है।
छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही में सीसा यानी लेड नाम की धातु होती है। ये खाने में मिलकर शरीर में पहुंच सकती है और लिवर को नुक़सान पहुंचा सकती है। यह खून में मिलकर शरीर के दूसरे अंगों को भी नुकसान पहुंचा सकती है। कुछ मामलों में इससे दिमाग को भी नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
घरों में भी कई महिलाएं चपाती या पूरी बनाने के बाद उन्हें पुराने अखबार पर रख देती हैं। इस आदत का असर बड़ों के मुक़ाबले बच्चों पर ज़्यादा होता है। यह बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर गंभीर असर डाल सकती है। बच्चों के शरीर के अंग पूरी तरह विकसित नहीं हुए होते। इसलिए उन पर इसका असर ज़्यादा हो सकता है।
गर्भवती महिलाओं को छपे हुए काग़ज़ में रखा खाना बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। यह बहुत ख़तरनाक हो सकता है। बच्चे के बनने की शुरुआती अवस्था में ये रसायन गर्भवती महिला के शरीर में चले जाएं, तो गर्भपात होने का, खतरा हो सकता है। इसलिए गर्भवती महिलाओं को इस मामले में ज़्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
अखबारों की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही में बाइंडर, रंग, रसायन, मिनरल ऑयल हाइड्रोकार्बन और भारी धातुएं होती हैं। जब गर्म नाश्ता जैसे कचौरी, समोसा,पकौड़ी या दूसरी खाने की तली चीज़ अख़बार पर रखी जाती है. तो गर्मी की वजह से स्याही में मौजूद रसायन खाने में मिलने की आशंका रहती है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि ऐसा खाना खाने से ये रसायन शरीर में पहुंच सकते हैं और अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती हैं।
‘अख़बार कई लोगों के हाथों से होकर गुज़रते हैं और अलग- अलग तरह की जगहों से आते हैं।' इस वजह से उन पर धूल, बैक्टीरिया और दूसरी गंदगी जमा होने की आशंका रहती है। इसमें रखकर खाना खाने वाले लोग बीमार पड़ सकते हैं।' कुछ लोग घर में भी पूरी या दूसरी तेल वाली चीज़ों को रखने और पैक करने के लिए अखबार का इस्तेमाल करते हैं। घर में भी अख़बार पर रखकर खाना जैसे कचौरी, समोसा,पकौड़ी कोई या तली हुई चीज़ नहीं खानी चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक, समोसा या दूसरी खाने की चीजें स्टेनलेस स्टील के बर्तनों, सूखे पत्तों या कांच के बर्तनों में परोसना बेहतर है।
- दीपक लालवानी
नागपुर, महाराष्ट्र

