शिरीनबाई नेतेरवाला स्कूल में पहली बार आयोजित हुआ एलुमनाई मीट



पुरानी यादों के साथ पूर्व विद्यार्थियों का हुआ भावपूर्ण मिलन


नागपुर/तुमसर। मानेक नगर स्थित शिरीनबाई नेतेरवाला स्कूल (SNS) के इतिहास में एक नया और यादगार अध्याय जुड़ गया, जब विद्यालय में पहली बार एलुमनाई मीट (पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन) का भव्य आयोजन किया गया। वर्षों बाद एक ही मंच पर जुटे पूर्व विद्यार्थियों ने अपने स्कूल के दिनों की यादें ताजा कीं और अपने जीवन को दिशा देने वाले शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। 


यह ऐतिहासिक आयोजन विद्यालय के प्राचार्य पी. बिमल के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में रोहित जोशी एवं उनके सहपाठियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य पी. बिमल तथा उन वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिन्होंने पूर्व विद्यार्थियों को उनके स्कूली जीवन में शिक्षा और संस्कार प्रदान किए थे। इसके पश्चात प्रार्थना एवं भावपूर्ण गणेश वंदना प्रस्तुत की गई।


समारोह में विद्यार्थियों की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीतमय कार्यक्रम और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह, उल्लास और पुरानी यादों से सराबोर कर दिया। पूर्व विद्यार्थियों ने अपने स्कूली दिनों के अनुभव साझा करते हुए विद्यालय, शिक्षकों और उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और योगदान ने उनके व्यक्तित्व एवं जीवन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व प्राचार्य राजेंद्र मिश्रा तथा पूर्व शिक्षकों का एलुमनाई की ओर से आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता, प्रेरक वक्ता तथा यूनाइटेड स्कूल्स ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया की एग्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्य राजेंद्र मिश्रा ने उपस्थित पूर्व विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यालय से जुड़ी अपनी यादें साझा करते हुए शिक्षा, संस्कार, शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों और जीवन में विद्यालय के महत्व पर प्रेरक विचार व्यक्त किए।


यह एलुमनाई मीट केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि गुरुजनों के प्रति सम्मान, मित्रता के पुनर्मिलन और विद्यालय से जुड़े आत्मीय रिश्तों को फिर से जीवंत करने का यादगार अवसर बना। विद्यालय के इतिहास में पहली बार आयोजित इस सम्मेलन ने भविष्य में भी पूर्व विद्यार्थियों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने की एक नई परंपरा की शुरुआत की।


लोकप्रिय खबरें

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

‘सूर संत्रा नगरीचा’ सीजन-5 का भव्य ग्रैंड फिनाले संपन्न

एम. जे. कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया ट्रैफिक जागरूकता अभियान