पदवीधर निर्वाचन क्षेत्र से शिक्षक भारती लड़ेगा चुनाव
नागपुर। विधान परिषद की नागपुर विभाग पदवीधर निर्वाचन क्षेत्र से शिक्षक भारती ने भी चुनाव लड़ने का फैसला किया है। महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनाव आगामी 1 दिसम्बर को होने वाले है।
इस चुनाव के लिए शिक्षक भारती ने शिक्षक भारती के पदाधिकारी किशोर वरभे को उम्मीदवारी दी है। वे 12 नवंबर को पदाधिकारियों की उपस्थिति में नामांकन दाखिल करेंगे। यह जानकारी शनिवार को पत्र परिषद में शिक्षक भारती के राज्य उपाध्यक्ष राजेंद्र झाडे एवं नागपुर विभागीय अध्यक्ष भाऊराव पत्रे ने दी।
उन्होंने कहा कि नागपुर विभाग में शिक्षक भारती ने दो बार चुनाव लडा है। पिछले चुनाव में राजेंद्र झाड़े ने शिक्षक भारती के उम्मीदवार के बतौर भाजपा के उम्मीदवार को कड़ी चुनौती दी थी। मात्र अंतिम फेरियों में ही भाजपा को जीत मिल सकी थी।
नागपुर विभाग में शिक्षक भारती का अच्छा प्रभाव है और राजेंद्र झाडे के नेतृत्व में पिछले कई वर्षों से शिक्षक भारती ने कार्यकर्ताओं का बड़ा जाल बिछाया है। विधायक कपिल पाटील के नेतृत्व में शिक्षकों पर होने वाले अन्यायकारी शासन निर्णयों के विरोध में शिक्षक भारती सदैव संघर्ष करती रही है।
शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, विद्यार्थी, पदवीधर की समस्याओं पर विधायक कपिल पाटील विधानमंडल में अपनी भूमिका रखते हैं। नागपुर विभाग में शिक्षक भारती विविध आंदोलनों के माध्यम से सतत कार्यरत रहने वाली शासनमान्य संगठन है।
पत्रकार परिषद में शिक्षक भारती के नागपुर विभागीय अध्यक्ष भाऊराव पत्रे, राज्य संयुक्त कार्यवाह संजय खेडीकर, उमेदवार किशोर वरभे, विभागीय कार्यवाह सपन नेहरोत्रा, दिलीप तडस,भारत रेहपाडे सहित अन्य उपस्थित थे।