ताऊते का असर : उमस भरे माहौल में बादलों ने जमाया डेरा
https://www.zeromilepress.com/2021/05/blog-post_36.html
नागपुर। चक्रवाती तूफान ताऊते का वैसे तो नागपुर समेत विदर्भ में सीधा असर नहीं है, लेकिन तूफान के कारण नागपुर समेत विदर्भ के कुछ जिलों में तेज हवाएं चलीं। शहर के नागरिक पिछले कई दिनों से गर्मी से हलाकन हो रहे हैं। लेकिन 2 दिनों से उमस भरे माहौल में बादलों ने डेरा जमाए रखा है, साथ ही शाम के वक्त तेज हवाओं से तूफान का डर लोगों के मन में समाया हुआ है। लेकिन शाम को तेज हवा के साथ शहर में बारिश हुई थी। बारिश होने के बाद रात को सुकूनभरी ठंडी हवाएं चली थी। आज भी जिले में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कल अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।
आज भी आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण अभी भी बना हुआ है। फिलहाल दक्षिण - पूर्वी हवाएं चल रही हैं, हवा में नमी होने से बादल छाए हुए हैं। बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी आई है। तेज हवा के कारण रविवार शाम को जरीपटका बारा खोली के पास पेड़ गिरा था जहां दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पेड़ को वहां से हटा दिया गया है।
तेज हवा के चलने के बाद शहर तथा जिले में कुछ स्थानों पर बिजली गुल हुई थी। कुछ समय के बाद बिजली आपूर्ति पूर्ववत हो गई थी। डोंगरगांव क्षेत्र में तूफानी बारिश के साथ ओलावृष्टि से संतरा, मौसंबी को नुकसान हुआ है तथा काटोल तहसील में अचानक तूफानी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई थी। ओलावृष्टि से अंबिया बहार संतरा, मौसंबी को नुकसान हुआ है। संबंधित क्षेत्र के मंडल अधिकारी तथा पटवारी को नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।