नि:स्वार्थ सेवा और पुरुषार्थ के स्वर्णिम 60 वर्ष हुए पूर्ण
https://www.zeromilepress.com/2022/07/60.html
मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
नागपुर। उत्तर नागपुर स्थित आर्य विद्या सभा द्वारा संचालित दयानंद आर्य कन्या विद्यालय का ६१वां स्थापना दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः यज्ञ हवन के साथ कार्यक्रम का प्रारंभ हुआ जिसमें संस्था के समस्त पदाधिकारियों व अध्यापिकाओं ने भाग लिया। दीप प्रज्वलित करके 'ज्योत से ज्योत जगाते चलो' गीत का मधुर गायन किया गया। सेवा और पुरुषार्थ का जुनून रखने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा स्थापित दयानंद आर्य कन्या विद्यालय सफलताओं और उपलब्धियों को प्राप्त करते हुए 60 वर्ष पूर्ण कर 61वें वर्ष में पर्दापण कर रहा है।
स्थापना दिवस के इस स्वर्णिम अवसर पर प्राचार्या तेजिंदर वेणुगोपाल एवं सुश्री मीरा झारानी के अथक प्रयासों से एक सुंदर डॉक्यूमेंट्री 'सिफर से शिखर तक' का प्रस्तुतीकरण किया गया। जिसमें आर्य विद्या सभा के समस्त कर्मठ पदाधिकारियों के अथक प्रयासों से चल रही पाठशाला का प्रारंभ से अब तक का सुंदर वर्णन प्रस्तुत किया गया। वर्तमान परिपेक्ष्य में मोबाइल के अनचाहे प्रयोग को रोकने और शारीरिक खेलों की ओर अपना रुझान बढ़ाने के लिए मिडिल स्कूल की छात्राओं द्वारा सुंदर प्रेरक नृत्य प्रस्तुत किया गया।
विद्यालय के हरित क्रांति डिपार्टमेंट की ओर से 61 वर्षों के स्वर्णिम काल को यादगार बनाने के लिए और पर्यावरण प्रदूषण रोकने व पर्यावरण की सुंदरता बढ़ाने के लिए 61 वृक्षों का बीजारोपण किया गया। कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रावीण्यता प्राप्त छात्राओं को सम्मान पत्र एवं पुरस्कारों से सम्मानित गया। आर्य विद्या सभा के समस्त संचालकों के द्वारा सजी इस वाटिका का आज अत्यंत उम्दा सौंदर्यीकरण किया गया जिसे देख संस्था के अध्यक्ष अशोक कुमार कृपलानी ने गदगद होकर अपने वक्तव्य में कहा कि आज कि आपकी उपलब्धियों और कार्यक्रमों को देखकर हमें अपना शालेय कालखंड याद आ गया। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को प्रेरणा दी कि स्वयं को एक सुंदर सांचे में ढालकर सफलता के शिखर को छूने का प्रयास करें।
प्राचार्या द्वारा आर्य विद्या सभा के समस्त संचालक गणों को एक अत्यंत सुंदर मोमेंटो भेंट करके उनका तहे दिल से धन्यवाद किया गया जिन्होंने इतने शुभ संस्कारों से परिपूर्ण वाटिका देकर अध्यापिकाओं व विद्यार्थियों को कृतार्थ किया है। कार्यक्रम का संचालन हर्षा मानवटकर व आभार प्रदर्शन प्राचार्या ने किया।
आर्य विद्या सभा के अध्यक्ष अशोक कृपलानी, सचिव राजेश लालवानी, इंचार्ज वेदप्रकाश आर्य तथा समस्त पदाधिकारी गणों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना की।