स्कूल में मनायी महाकवि कालिदास जयंती
https://www.zeromilepress.com/2022/07/blog-post_1.html
नागपुर/सावनेर। स्थानीय अरविंद इंडो पब्लिक स्कूल हेती (सुरला) ,सावनेर में विद्यार्थियों ने स्कूल सदन में मनायी महाकवि कालिदास जयंती। सभी विद्यार्थियों ने संस्कृत के विद्वान महाकवि कालिदास जी को नमन किया। कक्षा नौवीं की छात्रा अंकिता बागड़े ने महाकवि कालिदास जी के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कालिदास जी तीसरी-चौथी शताब्दी में गुप्त साम्राज्य के संस्कृत भाषा के महान कवि, नाटककार तथा संस्कृत भाषा के विद्वान भी थे। इनको राजा विक्रमादित्य के दरबार के नौरत्न में शामिल किया गया था।
महाकवि कालिदास जी को श्रृंगार रस की रचनाओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने भारत की पौराणिक कथाओं और दर्शन को आधार बनाकर रचनाएं की और उनकी रचनाओं में भारतीय जीवन और दर्शन के विविध रूप और मूल तत्व निरूपित है। अभिज्ञानशाकुंतलम् कालिदास जी की सबसे प्रसिद्ध रचना है। यह पूरे विश्व साहित्य में अग्रगण्य रचना मानी जाती है। मेघदूतम कालिदास की सर्वश्रेष्ठ रचना है। ऋतुसंहार कालिदास जी का एक विख्यात संस्कृत काव्य है।
उनके द्वारा रचित महाकाव्य 'रघुवंश', 'कुमारसंभव' तथा खंडकाव्य 'मेघदूत', 'ऋतुसंहार' है।'अभिज्ञानशाकुंतलम्' 'मालविकाग्निमित्र', 'विक्रमोर्वशीय' प्रमुख नाटक हैं। कुछ विद्यार्थियों ने उन पर स्लोगन्स लिखें तो कुछ विद्यार्थियों ने रेखाचित्र तैयार किये। प्राचार्य राजेंद्र मिश्र ने सहभागी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। अरविंद बाबू देशमुख प्रतिष्ठान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ .आशीष देशमुख ने स्कूल के उपक्रम की सराहना की।